काशीपुर: दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने हापुड़ से किया गिरफ्तार
काशीपुर, अमृत विचार। एक मॉल के कैफे में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया है। जिसका चालान कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया।
काशीपुर की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह अपने गांव के एक युवक सुमित के साथ इंस्टाग्राम से मिली थी। उसने बताया कि बीती 25 जून 2023 को वह अपनी बहन को काशीपुर अपने मामा के घर छोड़ने जा रही थी। जब वह अपनी बहन को छोड़कर वापस जा रही थी तब सुमित उसके पास आया और उसे घुमाने के लिए एसआरएस मॉल के एक कैफे में ले गया।
जहां उसने स्कार्फ से उसके हाथ बांधे और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह अपने मामा के घर चली गई। आरोपी ने शादी करने का आश्वासन दिया तो उसने अपने घर पर नहीं बताया। लेकिन अब वह मुकरने लगा तो पीड़िता ने अपने परिजनों को बताया।
जिस पर उसकी मां आरोपी के घर गई जहां उसकी मां को उक्त लोगों ने डरा धमका कर वापस भेज दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने धारा 376/506 व 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी सुमित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।
