Weather Today: ठंड का थर्ड डिग्री टार्चर, शिमला से ज्यादा सर्द कानपुर, मौसम विभाग की चेतावनी… अभी और नीचे जा सकता तापमान
शिमला से ज्यादा सर्द कानपुर।
शहरवासियों को सुबह से ही ठंड से अपना प्रकोप दिखाना शुरू किया। कानपुर की सर्दी ने शिमला और कुल्लू तक का रिकार्ड तोड़ दिया।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर शुक्रवार को शिमला और कुल्लू से ज्यादा ठंडा रहा। न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिरने से लोगों के हाड़ कांप गए। सीजन की सबसे सर्द रात का रिकार्ड बन गया।
शुक्रवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री दर्ज किया गया था। बर्फीली हवाओं के कारण सुबह कोहरे के बाद दोपहर में निकली धूप बेअसर रही। मौसम विभाग ने अभी सोमवार तक शीत लहर इसी तरह जारी रहने की संभावना जताई है।
शहरवासियों को सुबह से ही ठंड से अपना प्रकोप दिखाना शुरू किया। कानपुर की सर्दी ने शिमला और कुल्लू तक का रिकार्ड तोड़ दिया। शिमला में न्यूनतम तापमान छह डिग्री दर्ज हुआ। सुबह घने कोहरे की वजह से दृश्यता काफी कम रही। विजिबिलटी अधिकतम 50 मीटर दर्ज की गई। इसके चलते जरूरी काम के लिए निकले लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
हाईवे पर वाहन लाइट जलाकर और रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते नजर आए। शहर में भी लोगों को अपने वाहनों की लाइट जलाकर चलना पड़ा। दोपहर को धूप निकलने पर लोगों को थोड़ी राहत मिली। लेकिन बर्फीली हवाओं की वजह से धूप बेअसर रहा। शाम को सर्द हवाओं ने फिर से सिरहन और ठिठुरन पैदा करदी।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सोमवार तक मौसम में किसी तरह के बदलाव की संभावना नहीं दिखाई दे रही है। इस बीच शीतलहर बनी रहेगी। आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। सीएसए विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पाण्डेय ने बताया कि उत्तर पश्चिमी हवाएं आने वाले तीन दिनों में और अधिक ठंड बढ़ा सकती हैं।
मौसम का सबसे कम तापमान
मौसम विभाग की ओर से शुक्रवार को सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। इसके पहले गुरुवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बार सर्दियों में इससे पहले 17 दिसंबर को न्यूनतम पारा 5.7 डिग्री तक गिरा था।
बीपी, शुगर व हार्ट के मरीज रहें सावधान
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रो.जेएस कुशवाहा ने बताया कि इस समय बीपी, शुगर व हार्ट के मरीजों को खास ख्याल रखने की जरूरत है। सुबह की सैर से बचें। सर्दी से बचने के लिए गर्म व साफ कपड़े पहनें। जरूरत पड़ने पर ही सुबह और रात को घर से बाहर निकलें। खानपान में संयम बरतें। ज्यादा तली हुई भोजन सामग्री से परहेज करना चाहिए। दिन में दो या तीन बार गुनगुना पानी पीना चाहिए। इससे ठंड लगने की संभावना कम हो जाती है। अधिक समय तक खाली पेट नहीं रहना चाहिए। कमरे के भीतर ही हल्का व्यापाम और योग करना बेहतर है।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: लखनऊ-कानपुर-झांसी हाईवे पर बनेगा रेस्ट एंड रिफ्रेश प्वाइंट, KDA पनकी में राहगीरों को देगा ये सुविधा
