UP के Hamirpur में मौलाना ने हिंदू महिला का कराया धर्म परिवर्तन… मुस्लिम युवक से निकाह कराने का वीडियो Social Media में वायरल
हमीरपुर के बिवांर के एक गांव में लव जिहाद का मामला सामने आया।
हमीरपुर के बिवांर के एक गांव में लव जिहाद का मामला सामने आया। मौलाना ने हिंदू महिला का धर्म परिवर्तन करा मुस्लिम युवक से निकाह कराया। शादी का वीडियो वायरल होने पर महिला के पति ने पुलिस से शिकायत की।
हमीरपुर, अमृत विचार। थाना बिवांर गांव में लव जिहाद का मामला सामने आया है। यहां एक मौलाना ने हिंदू महिला का धर्म परिवर्तन कराकर मुस्लिम युवक से निकाह करा दिया। इस मामले में धर्म परिवर्तन कर शादी करने का वीडियो वायरल होने पर पहला पति पुलिस के चक्कर काट न्याय की गुहार लगा रहा है। इस मामले में पुलिस महिला की बरामदगी में जुट गई है।
थाना मुस्करा के मसगांव निवासी मनीष गुप्ता का विवाह राठ कस्बा निवासी आकांक्षा से हुआ था। मनीष ने बताया कि वह थाना बिवांर के छानी गांव में दुकान खोले था। वहीं किराए का मकान लेकर रहता था। इस बीच पत्नी आकांक्षा की थाना ललपुरा के भुजपुर गांव निवासी अनीस खां से मित्रता हो गई। अनीस यहां के एक कॉलेज में बीएससी का छात्र है।
पति मनीष ने बताया कि माह दिसंबर में पत्नी आकांक्षा अनीस के साथ गायब हो गई। इस मामले थाना बिवांर में तहरीर दी। तब पुलिस ने छह दिसंबर को रिपोर्ट धारा 366 के तहत दर्ज की थी। पति का कहना है कि पुलिस ने पत्नी की खोजबीन में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। जबकि पत्नी और अनीस के मोबाइल लगातार ऑन भी रहे। जब-जब उसने पुलिस से मदद मांगी उसे हर बार झिड़क दिया गया।
अब अचानक से उसकी पत्नी का मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह कराए जाने का वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें आरोपी अनीस भी दिख रहा है। वीडियो में मौलाना पत्नी का धर्म परिवर्तन कराकर अनीस से निकाह कराने की प्रक्रिया करते हुए दिखाई दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित पति मनीष ने फिर पुलिस अधिकारियों से कार्रवाई के लिए चक्कर लगा रहा है। इस मामले में थाना बिवांर थानाध्यक्ष राकेश सरोज का कहना है कि महिला के पति की तहरीर पर पूर्व में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जांच में पता चला कि महिला व अनीस का प्रेमप्रसंग चल रहा है। महिला को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
