बरेली: तीन कार सवारों ने गोरक्षक बनकर दुकानदारों से की वसूली, FIR दर्ज
भुता, अमृत विचार: भुता थाना में तीन कार सवारों ने खुद को गोरक्षक बताकर दुकानदारों को कटीले तार बेचने पर धमकाया और फिर उनसे पांच-पांच हजार रुपये वसूल लिए। दुकानदारों ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव मलुआ निवासी मनोज मिश्रा का पंडित मशीनरी स्टोर है। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह पांच बजे कार से तीन लोग उनकी दुकान में घुस आए और कटीले तार बेचने को लेकर धमकाने लगे। आरोपियों ने अपने नाम सत्यम गौड़ और रामवीर यादव बताया। दोनों ने खुद को गोरक्षक बताया और तीसरे ने खुद को पत्रकार बताया और पांच हजार वसूल लिए।
आरोपियों ने कैलाश लोहा भंडार और ओम ट्रेडर्स से कटीले तार बिक्री करने को लेकर धमका कर पांच-पांच हजार रुपये वसूल लिए। बाद में दुकानदारों को पता लगा सभी फर्जी थे। दुकानदारों ने शनिवार को आरोपियों के खिलाफ भुता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थानाध्यक्ष राजेश बाबू मिश्रा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली: 28वां उत्तरायणी मेला रंगयात्रा के साथ शुरू, झांकियों ने मनमोहा
