बरेली: पहले शराब पिलाई...फिर ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला, खेत में मिला शव
बरेली, अमृत विचार। सिरौली थाना क्षेत्र में खेत की मेड़ के विवाद में दबंगों ने एक शख्स को शराब पिलाने के बाद ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला, इसके बाद शव को खेत में फेंककर मौके से फरार हो गए। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया, जिसके बाद एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान और एसपी देहात मुकेश मिश्र ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जायजा लिया। दरअसल, घटना सिरौली थाना क्षेत्र में डालचंद गौटिया गांव की है, जहां के रहने वाले 40 वर्षीय जमुना प्रसाद से कुंवरपाल, परमेश्वरी और ईश्वरी खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद के बाद से रंजिश रखते थे।
जमुना प्रसाद के चाचा महिपाल का आरोप है कि कुंवरपाल, परमेश्वरी और ईश्वरी शनिवार शाम उनके भतीजे को घर से बुलाकर खेतों की तरफ ले गए थे। जिन्होंने पहले जमुना प्रसाद को शराब पिलाई फिर ट्रैक्टर से कुचल कर मार डाला। इसके बाद पास के ही खेतों में उसके शव को फेंककर फरार हो गए।
मृतक के चाचा के मुताबिक इलाके में बड़ागांव और गुलड़िया चौकी के बीच खेतों में जमुना प्रसाद का कुचला हुआ शव पड़ा मिला था। फिलहाल घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
ये भी पढे़ं- बरेली: PM मोदी के आह्वान पर विशेष स्वच्छता अभियान शुरू, SSP ऑफिस में पुलिसकर्मियों ने की सफाई
