रुद्रपुर: आईआईटी रुड़की की टीम ने कल्याणी नदी से लिए प्रदूषित पानी के सैंपल
रुद्रपुर, अमृत विचार। आईआईटी रुड़की की दो सदस्यीय टीम सहित 24 छात्रों ने शहर की लाइफ लाइन कही जाने वाले कल्याणी नदी का हेल्थ असेसमेंट किया। इस दौरान टीम ने नदी के प्रदूषित पानी का छह स्थानों से सैंपल लिया। टीम पानी की जांच कर इसमें हानिकारक बैक्टीरिया का अध्ययन करेगी।
पेयजल निगम की अधीक्षण अभियंता मदृला सिंह ने बताया कि आईआईटी रुड़की के प्रोफेसर प्रोफेसर सुबोध शर्मा, प्रोफेसर संजीव कुमार सहित 24 छात्रों के दल विगत दो दिन से कल्याणी नदी के बढ़ते प्रदूषण स्तर को लेकर निरीक्षण कर रहा था। रविवार को टीम ने टांडा जंगल, सिडकुल ढाल, रम्पुरा में पहाड़गंज ट्रंचिंग ग्राउंड क्षेत्र में नदी की स्थिति देखी। यहां पर टीम ने इन सभी जगहों से करीब छह सैंपल पानी के लिये हैं।
उन्होंने बताया कि सैंपल जांच के लिए टीम आईआईटी रुड़की ले जाएगी। जिसमें यह देखा जाएगा कि कौन से हानिकारक बैक्टीरिया हैं। किस तरह यह पानी को प्रदूषित कर रहे हैं। इसके साथ ही यह पानी किस तरह पीने योग्य बनाया जा सकता है। इसमें कौन-कौन से ऐसे तत्व हैं जिनकी अधिक मात्रा के कारण कल्याणी नदी का पानी लगातार प्रदूषित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि करीब 25 वर्ष पहले कल्याणी नदी का पानी पीने योग्य था।
लोग यहां पर अपने दैनिक जीवन के कार्यों को संपन्न करते थे। इन बीते वर्षों में सिडकुल की स्थापना के बाद लगातार कल्याणी नदी का पानी प्रदूषित होता गया। उन्होंने बताया कि शनिवार को ही रुद्रपुर पहुंची थी। इस दौरान टीम ने रम्पुरा, जगतपुरा, सिडकुल व भूरारानी में कल्याणी नदी का सैंपल लिया। इसकी एक विस्तृत जल मानक विश्लेषण रिपोर्ट तैयार करेगी। नदी की सफाई को लेकर पूर्व में ही कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी जा चुकी है। रिपोर्ट के आधार पर कल्याणी नदी का संरक्षण किया जा सकेगा। इस मौके पर पेयजल निगम एई मधुकांत कोठियाल भी मौजूद रहे।
