अयोध्या दर्शन के लिए आज से शुरू होगी रोडवेज बस सेवा, बरेली रीजन के चारों जिलों से चलेगी बस
बरेली, अमृत विचार: अयोध्या के लिए बरेली रीजन से चार बसें सोमवार से चलेंगी। सोमवार को अधिकारी और जनप्रतिनिधि हरी झंडी दिखाकर बसों का रवाना करेंगे। 22 जनवरी को अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा है। इसके लिए बड़ी संख्या में लोग अयोध्या जा रहे हैं। परिवहन निगम ने भी राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर तैयारी पूरी कर ली है।
मुख्यालय के निर्देश पर रोडवेज बसों में रामधुन बजाई जा रही है। वहीं बरेली रीजन से अब सोमवार से अयोध्या के लिए चार बसें चलेंगी। अभी तक बरेली रीजन से अयोध्या के लिए कोई सीधी बस सेवा नहीं थी। यात्रियों को लखनऊ से दूसरी सवारी पकड़कर अयोध्या जाना पड़ रहा था।
अब सोमवार से रीजन के बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो की चार एसी और साधारण बसों का संचालन शुरू होगा। आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि सरकार ने रोडवेज के सभी डिपो से अयोध्या के लिए बसों को संचालित करने के निर्देश दिए थे। जिसको लेकर सब तैयारी पूरी कर ली गई है। सोमवार को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें - बरेली: मकर संक्रांति का पर्व आज, 77 सालों बाद वरियान और रवि योग का अति दुर्लभ संयोग, पांच साल पहले भी पड़ा था सोमवार को
