जालौन: महिला ने मौलाना पर लगाया शारीरिक शोषण का आरोप, जानें पूरा मामला
आरोपित वीडियो बनाकर करता रहा ब्लैकमेल, कोतवाली पुलिस ने शाम तक नाम बताने से किया परहेज
जालौन, अमृत विचार। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक मौलाना पर महिला ने जादू टोना और उतारा करके सारी समस्याओं के समाधान का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग करने की बात कही।
पुलिस फौरन एक्टिव हुई और मौलाना को हिरासत में ले लिया लेकिन इसके बाद रिपोर्ट दर्ज करने और नाम बताने में टाल मटोल करती रही। पूछने पर गिरफ्तारी की बात तो स्वीकारी लेकिन नाम सीओ साहब बताएंगे यह कहकर टालते रहे। घटना के बावत अपर पुलिस अधीक्षक को भी जानकारी नहीं दी गई।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को पीड़ित महिला उरई कोतवाली पहुंची। यहां पर कोतवाल वीरेंद्र पटेल को शिकायत पत्र देकर उसने आप बीती बताई। बताया कि वह अपने पति से मनमुटाव होने के कारण अलग रह रही थी, तभी एक शानू नाम के युवक ने उसे मौलाना का सुझाव दिया।
बताया कि वह तुम्हारी सभी समस्याओं का हल कर देंगे और तुम जो मजदूरी करके अपनी मासूम बेटी का पेट भर रही हो तुम्हें ज्यादा कुछ करना नहीं पड़ेगा और वह एक अच्छी नौकरी भी लगवा देंगे। इसके बाद वह मौलाना से मिली। बताया कि तुम्हारे शौहर को तुम्हें ले जाने के लिए बाध्य कर देंगे।
मौलाना ने शरबत पीने के लिए दिया और शरबत पीने के बाद उसे चक्कर आने लगे। उसके साथ जबरिया दुष्कर्म करना शुरू कर दिया। वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता रहा। यह सिलसिला बहुत दिनों तक चला और वह वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी दी जाती रही। पुलिस ने पूरी बात सुनने बाद आरोपित मौलाना को गिरफ्तार कर लिया।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौलाना का नाम बताने से आनाकानी करती रही। इस बाबत कोतवाल का कहना है कि दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार हुआ है कार्रवाई की जा रही है। वहीं सीओ गिरजाशंकर त्रिपाठी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होते ही नाम बताया जाएगा। वहीं पर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी का कहना है कि ऐसी घटना के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या-मुंबई हवाई सेवा शुरू, पहली फ्लाइट से पहुंचे ‘द्रोणाचार्य’, इस वजह देर से पहुंची फ्लाइट
