बहराइच में दबंग ई-रिक्शा और ऑटो चालकों से वसूल रहे गुंडा टैक्स, नहीं देने पर जबरन उतार देते हैं सवारी
बहराइच, अमृत विचार। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजी रोटी के लिए लोग आटो का संचालन करते हैं। पैसा लगाने के साथ मेहनत भी सभी करते हैं। इसके बाद भी कुछ लोगों द्वारा प्रति वाहन से गुंडा टैक्स की वसूली की जा रही है। पैसा न देने पर आटो में सवारी नहीं बैठाने दिया जा रहा है। पुलिस भी मूक दर्शक बनी है।
ग्रामीण क्षेत्र के लोग जीवकोपार्जन के लिए ऑटो और ई रिक्शा खरीद रहे हैं। इसके बाद सभी स्वयं या चालक द्वारा ऑटो का संचालन करवाते हैं। पूरे दिन ऑटो का संचालन होने के बाद उन्हें रोजी-रोटी के लिए कुछ मुनाफा बच जाता है। लेकिन अब इसमें भी कुछ दबंग लोगों की तरफ से गुंडा टैक्स की वसूली की जाती है। जबकि वसूली करने वाले लोग ना तो यात्रियों को कोई सुविधा दे रहे हैं और ना ही संचालकों को सवारी लाकर देते हैं। ऐसे में प्रति वाहन से 10 से 20 रुपए की वसूली कई सवाल खड़े कर रही है। कुछ यही हाल मोतीपुर थाना क्षेत्र के गूढ़ चौराहा और मिहींपुरवा रेलवे क्रॉसिंग के निकट है। यहां से यात्रियों को ले जाने वाले वाहन चालकों से रुपए की वसूली की जाती है। वाहन चालक रोजी-रोटी के चक्कर में कोई विरोध भी नहीं करते हैं। लेकिन पुलिस को इस पर ध्यान देने की जरूरत है। योगी सरकार में भी इस तरह गुंडा टैक्स की वसूली कई सवाल खड़े कर रही है। अगर किसी ऑटो वाले ने नियम विपरीत छह सवारी बैठा है तो उनका भाड़ा रूपए 60 होता है और उसमें भी ₹10 प्रति चक्कर का टैक्स दे दिया जाता है, इससे वाहन स्वामी को ही नुकसान होता है। जो लोग वहां का पैसा नहीं देते हैं उनके वाहनों पर सवारी नहीं बैठाने दिया जा रहा है। वाहन चालक इसको लेकर काफी परेशान हैं।
सवारियों को होती है समस्या
ऑटो ई रिक्शा संचालक अगर ₹10 प्रति चक्कर वहां ना दे तो सवारियां बैठाने नहीं दिया जाता। इतना ही नहीं₹10 के चक्कर में अब यह सभी घंटों बाद फुल सवारी बैठाने के बाद ही ऑटो का संचालन करते हैं। ऐसे में यात्रियों को अधिक समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
कोई नहीं कर सकता वसूली
गूढ़ चौराहे पर शारिक नाम के व्यक्ति द्वारा चालकों से अवैध वसूली करने के मामले में प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कोई अवैध वसूली नहीं कर सकता। वसूली करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसे जेल भेजा जाएगा।
ये भी पढ़ें -डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कसा कांग्रेस पर तंज, कहा - माया मिली न राम
