रायबरेली: प्राण प्रतिष्ठा का प्रसाद घर-घर पहुंचाएंगी स्मृति ईरानी, फरवरी में कराएंगी अयोध्या धाम की श्रवण यात्रा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

परशदेपुर/रायबरेली, अमृत विचार। भारी भीड़ के कारण अगर आप 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने अयोध्या नहीं जा पा रहे हैं तो आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। प्राण प्रतिष्ठा का प्रसाद आपके घर पहुंच जाएगा। इसके लिए अमेठी सांसद स्मृति ईरानी आगे आई है। संसदीय क्षेत्र के भक्तों के घर प्रसाद पहुंचाने की व्यवस्था केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के द्वारा की जायेगी।

22 जनवरी को अयोध्या धाम में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। भारी भीड़ के कारण ज्यादातर लोगों का 22 जनवरी को अयोध्या धाम पहुंच पाना संभव नहीं है। इसलिए अयोध्या धाम में हो रही भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का प्रसाद अमेठी संसदीय क्षेत्र के लोगों तक पहुंचाने के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आगे आई हैं। 

केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि दीदी का प्रयास है कि अयोध्या धाम का प्रसाद संसदीय क्षेत्र के ज्यादातर लोगों तक पहुंचे। इसीलिए अमेठी संसदीय क्षेत्र के एक लाख 11 हजार लोगों तक भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का प्रसाद पहुंचाया जाएगा। प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत प्रसाद वितरण का कार्य शुरू करा दिया जायेगा। 

40 हजार भक्तों को अयोध्या धाम का कराएंगी दर्शन

अमेठी संसदीय क्षेत्र के भक्तों को प्रसाद पहुंचाने के साथ ही केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी अयोध्या धाम का दर्शन भी कराएंगी। प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत फरवरी माह में 40 हजार लोगों को अयोध्या धाम की यात्रा कराई जाएगी। इसके लिए केंद्रीय मंत्री की तरफ से सभी विधान सभाओं में बसों की व्यवस्था की जाएगी।

दीदी को हमेशा अपने संसदीय क्षेत्र की चिंता रहती है। इसीलिए दीदी के द्वारा भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा का प्रसाद घर-घर पहुंचाकर फरवरी माह में अयोध्या धाम का दर्शन भी कराया जायेगा...,अशोक कुमार, विधायक सलोन।

दीदी पूरे संसदीय क्षेत्र को अपना परिवार मानती हैं। इसलिए अपने परिवार के लोगों को अयोध्या धाम की श्रवण यात्रा के साथ ही प्रसाद भी घर-घर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है..., विवेक विक्रम सिंह, अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक।

खुशी का पल हो या किसी भी तरह की समस्या हो दीदी हमेशा अमेठी वासियों के साथ खड़ी रहती हैं। दीदी के निर्देश पर उत्थान सेवा संस्थान के माध्यम से हम लोग प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा का प्रसाद भक्तों के घर-घर तक पहुंचाएंगे..., विशाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, छतोह।

संबंधित समाचार