बाराबंकी : जमुरिया नाले की जमीन बेचने वाले पर दर्ज हुआ मुकदमा
बाराबंकी, अमृत विचार। जमुरिया नाले की जमीन पर अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब जिला प्रशासन ने उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है जिन्होंने नाले की जमीन बेची थी। इसी परिप्रेक्ष्य में बुधवार को एक मुकदमा नगर कोतवाली में दर्ज किया गया।
दो दिन पहले जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने नाले पर बने मकान का निरीक्षण किया था। नल की जमीन पर प्लाटिंग देखकर उन्होंने नाराजगी जताई थी। पता किया गया तो यह जमीन राजस्व अभिलेखों में ऊसर दर्ज है। जिसे देखते हुए क्षेत्रीय लेखपाल की तहरीर पर लोक संपत्ति क्षेत्र निवारण अधिनियम के तहत प्लाटिंग करने वाले पुष्पेंद्र सिंह पुत्र दुर्गा दिन निवासी लखपेड़ा बाग निकट रामसेवक इंटर कॉलेज के खिलाफ क्षेत्रीय लेखपाल धीरज कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले में जब अवैध निर्माण ध्वस्त करने के आदेश दिए गए तो याचिका कर्ता महंत बीपी दास ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा था कि प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही जबकि खरीदने वालों के मकान ध्वस्त करने के आदेश हो चुके हैं। लेखपाल ने बताया कि कई बैनामे वापस कराये जा चुके हैं। जिसकी जानकारी उप जिलाधिकारी को दे दी गई है। नगर कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली थी जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें -रामोत्सव 2024 : मंदिर पहुंचे रामलला, अब सिंहासन पर होंगे विराजमान - Video
