आस्था : प्रतापगढ़ में श्रीराम चरणपादुका के दर्शन को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बरसाए पुष्प

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सांसद,विधायक, डीएम,एसपी समेत जनसामान्य ने श्रीराम चरणपादुका का किया दर्शन

प्रतापगढ़, अमृत विचार। श्रीराम जन्म भूमि अयोध्या में 22 जनवरी को आयोजित श्रीराम प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दृष्टिगत चित्रकूट से प्रयागराज होकर अयोध्या जाने वाली श्रीराम चरणपादुका यात्रा गुरुवार को प्रतापगढ़ पहुंची। जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही देल्हूपुर में भव्य स्वागत किया गया। सड़क पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।

31 (81)

श्रीराम चरण पादुका यात्रा भरतकूप चित्रकूट से कौशाम्बी, प्रयागराज, श्रृंगवेरपुर, सोरांव, ददौली,देल्हूपुर, विश्वनाथगंज, भुपियामऊ चौराहा, भंगवा चुंगी होते हुये चौक घंटाघर चौराहा पहुंची। जहां पर सांसद संगम लाल गुप्ता,डीएम संजीव रंजन,एसपी सतपाल अंतिल, सीडीओ नवनीत सेहारा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव समेत जनसामान्य ने भव्य स्वागत किया एवं पुष्प अर्पित कर श्रीराम चरणपादुका के दर्शन किये। जगह - जगह बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बैण्ड-बाजे, ढोल, नगाड़े, डीजे आदि के साथ श्रीराम चरणपादुका रथ यात्रा पर पुष्पवर्षा कर पूजन किया। श्रीराम चरणपादुका रथ यात्रा को चिन्हित स्थानों पर रोककर जय श्रीराम- जय श्रीराम के नारों व भक्तिमय गीतों के गायन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गए। श्रीराम चरणपादुका यात्रा चौक घंटाघर चौराहा होते हुये सदर मोड़ चौराहा, चिलबिला चौराहा पहुंची। सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर भव्य स्वागत किया। पूर्व जिलाध्यक्ष भाजयुमो रवि गुप्ता, सिद्धार्थ रघुवर आदि मौजूद रहे। 

31 (80)

चिलबिला श्री हनुमान मंदिर पर पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती की अगुवाई में हजारों की संख्या में हनुमान भक्तों ने चरण पादुका का पूजन अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूर्व मंत्री मोती सिंह ने कहा कि आज 500 वर्ष के इंतजार के बाद यह दिन देखने को मिला है। मंदिर समिति के महासचिव रोशनलाल उमरवैश्य ने कहा कि आज तो श्री राम की चरण पादुका हनुमान जी मंदिर पर पहुंचने पर हनुमान भक्तों ने स्वागत पूजन किया। यह सब हनुमान जी महाराज की कृपा से ही संभव हो सका है।महादानी सियाराम उमरवैश्य ने कहा कि प्रभु श्री राम जी की चरण पादुका का दर्शन कर जीवन धन्य हो गया। कोहड़ौर होते हुये यात्रा जनपद सुल्तानपुर के लिये प्रस्थान की। श्रीराम चरणपादुका रथ यात्रा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।

ये भी पढ़ें -कासगंज: राम मंदिर आंदोलन के दौरान उमा भारती के काफिले पर हुआ था पथराव, फिर रामभक्तों में उठा था ज्वार

संबंधित समाचार