पीलीभीत: क्यूआर कोड से लगेगी कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी, अब नहीं चलेगी मनमानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार: यूपी बोर्ड की परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने कॉपियों को पैटर्न बदलने के बाद अब कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी को लेकर भी नई रणनीति तैयार है।  अब कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी क्यूआर कोड से लगेगी, जोकि बोर्ड से ही जारी किया जाएगा।

इसको लेकर डीआईओएस से ड्यूटी के लिए शिक्षकों को ब्योरा मांगा गया है। इसे ऑनलाइन पोर्टल पर फीड किया जाएगा। इतना ही ड्यूटी चार्ट भी सप्ताह भर पहले जारी होगा। ताकि किसी तरह की गड़बड़ी होने की कोई संभावना न रह जाए। बोर्ड में यह व्यवस्था पहली बार कराई जा रही है।  

22 फरवरी से बोर्ड परीक्षा की शुरुआत हो रही है। इस बार परीक्षा में  कुल 44780 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल में 24970 और इंटरमीडिएट 19810 परीक्षार्थी शामिल है। परीक्षा संपन्न कराने के लिए 76 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इस बार नकल विहीन परीक्षा कराने को लेकर विभाग पुख्ता तैयारी कर रहा है, ताकि परीक्षा केंद्रों पर नकल की कोई गुंजाइश न रहे।

परीक्षा केंद्रों की निगरानी जिला स्तरीय कंट्रोल रुम के अलावा मंडल और राज्य स्तर पर कंट्रोल रूम से भी कराई जाएगी।  वहीं कक्ष निरीक्षकों के स्तर से कोई गड़बड़ी न होने पाए। इसके लिए यूपी बोर्ड ने पहली बार कक्ष निरीक्षकों के पहचान पत्र पर क्यूआर कोड  व क्रमांक अंकित करने का निर्णय लिया है।

शिक्षा निदेशक माध्यमिक डॉ. महेंद्र देव की ओर से डीआईओएस को पत्र भी भेजा गया है। इसके तहत, परीक्षा कक्षों में निरीक्षण के लिए लगाए जाने वाले निरीक्षकों के लिए पहली बार क्यूआर कोड व क्रमांक युक्त कम्प्यूटराइज्ड परिचय पत्र तैयार कराया जाएगा।

डीआईओएस कार्यालय में बोर्ड के पोर्टल से शिक्षकों के पहचान पत्र का प्रोफार्मा डाउनलोड किया जाएगा। प्रोफार्मा पर आवंटित परीक्षा केंद्रों का विवरण अंकित कर संबंधित कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा से एक सप्ताह पहले दिया जाएगा।

परिचय पत्र पर संबंधित कक्ष निरीक्षक का अध्यापन विषय भी मुद्रित होगा, ताकि संबंधित विषयों की परीक्षा में उनके स्थान पर दूसरे अध्यापन विषय वाले अध्यापकों से निरीक्षण कराया जा सके। परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षण व परीक्षा संबंधी अन्य कार्यों के लिए अध्यापकों, प्रधानाचार्यों व अन्य कर्मियों की ड्यूटी डीआईओएस की ओर से ही लगाई जाएगी। हालांकि कक्ष निरीक्षकों के लिए बनने वाले आई कार्ड का प्रारूप यूपी बोर्ड मुख्यालय जारी करेगा।

यूपी बोर्ड में पहली बार क्यूआर कोड वाले पहचान पत्र कक्ष निरीक्षकों को जारी किए जाएंगे। इसको लेकर बोर्ड ने शिक्षकों की प्रोफार्मा पर डिटेल मांगी है। जिससे पूरा कराया जा रहा है। यह कार्ड बोर्ड से ही जारी किए जाएंगे--- गिरजेश कुमार चौधरी, डीआईओएस।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: पिंजरे से बंधी बकरी को निवाला बनाया, कुत्ते का किया शिकार और 25 कदम दूर बैठ गई बाघिन

संबंधित समाचार