अब तक इन राज्यों ने की 22 जनवरी को आधे दिन के अवकाश की घोषणा, दोपहर 2.30 बजे तक बंद रहेंगे सभी कार्यालय
जयपुर। अयोध्या में राम मंदिर की उद्घाटन और रामलला की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियां जोरों पर है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश हीं नहीं बल्कि पूरे देश में राम मंदिर के कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। देश के कई राज्यों में 22 जनवरी के दिन सरकारी कार्यालयों को आधे दिन तक के लिए बंद करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं।
इसी क्रम में अब राजस्थान विधानसभा सत्र से पूर्व बृहस्पतिवार रात को भाजपा विधायक दल की बैठक को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित किया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मद्देजनर 22 जनवरी को राजस्थान में आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की। सभी सरकारी दफ्तर दोपहर दोपहर 2:30 बजे तक बंद रहेंगे।
विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी और अन्य उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा समेत मंत्रिमंडल के सदस्य और विधायक मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बैठक में मौजूद नहीं थी। बैठक के बाद मंत्री सुरेश रावत ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा है कि राज्य में 22 जनवरी को आधे दिन की छुट्टी रहेगी। वहीं, असम और ओडिशा की सरकारों ने भी 22 जनवरी को आधे-आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की है।
त्रिपुरा सरकार ने जारी किया आदेश
वहीं, त्रिपुरा की सरकार ने भी 22 जनवरी को रामलला की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन सरकारी कार्यालयों में आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है। आदेश में कहा गया है कि त्रिपुरा भर में राज्य सरकार के सभी कार्यालय और शैक्षणिक संस्थान 22 जनवरी को दोपहर 2:30 बजे तक बंद रहेंगे।
इन राज्यों में आधे दिन के अवकाश की घोषणा
वहीं त्रिपुरा के अलावा अन्य कई राज्यों में भी आधे दिन के अवकाश की घोषणा की जा चुकी है। इससे पहले असम, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, मध्य प्रदेश,उत्तराखंड और राजस्थान की सरकारों ने भी 22 जनवरी को सरकारी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है। वहीं केंद्र सरकार ने पहले ही सभी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आधे दिन के अवकाश की घोषणा कर दी थी।
गुजरात में 22 जनवरी को सरकारी कार्यालयों में रहेगी आधे दिन की छुट्टी
अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर उत्सव मनाने के लिए 22 जनवरी को गुजरात के सभी सरकारी कार्यालयों में आधे दिन की छुट्टी रहेगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 22 जनवरी को दोपहर ढाई बजे तक कार्यालय बंद रखने की अधिसूचना बृहस्पतिवार देर रात जारी की गई।
अधिसूचना में कहा गया है, ''पूरा देश 22 जनवरी को अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में भगवान राम के बाल स्वरूप के विग्रह के प्रतिष्ठा समारोह का जश्न मनाएगा। राज्य सरकार के सभी कार्यालय और संस्थान 22 जनवरी को दोपहर ढाई बजे तक बंद रहेंगे ताकि राज्य के लोग उत्सव में भाग ले सकें।'' केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को अपने सभी कर्मचारियों के लिए 22 जनवरी को आधे दिन की छुट्टी की घोषणा की।
मध्यप्रदेश में 22 जनवरी को आधे दिन का अवकाश
मध्यप्रदेश में आगामी 22 जनवरी को आधे दिन का अवकाश घोषित किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से कल इस संबंध में आदेश जारी किया गया। आदेश के अनुसार अयोध्या में राम लला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर राज्य के सभी शासकीय कार्यालयों में 22 जनवरी को दोपहर ढाई बजे तक, आधे दिन का अवकाश घोषित किया गया।
ये भी पढ़ें- शिक्षा मित्रों का बढ़ेगा मानदेय, निदेशक के साथ फिर हुई वार्ता, जानिए कितनी हो सकती है बढ़ोत्तरी, सरकार भी है पक्ष में
