रामपुर : ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह पर चादरपोशी कर मांगी दुआएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भी भिजवाई गई चादर शरीफ, दरगाह में मुल्को कौम की तरक्की के लिए की गईं दुआएं
रामपुर, अमृत विचार। विश्व विख्यात गरीब नवाज हजरत ख्वाजा मोईनुद्दी चिश्ती रहे. के सालना उर्स पर रामपुर से गए जायरीन ने मजार शरीफ पर चादरपोशी कर दुआएं मांगी। दरगाह शरीफ में फज्र की नमाज के बाद तिलावते कुरआन मजीद हुई। इसके बाद सलातो सलाम हुआ। हजरत के सालाना उर्स में देश-दुनिया से लाखों जायरीन हाजिरी के लिए दरगाह पर पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भी दरगाह पर पीले रंग की चादर भिजवाई गई है।

हजरत ख्वाजा मुईनउ्दीन चिश्ती के सालाना उर्स में रामपुर, मुरादाबाद, बरेली, बदायूं, संभल और अमरोहा से बड़ी संख्या में मजार शरीफ पर हाजिरी के लिए गए हैं। दरगाह शरीफ से शाहिद अली खां जमाली ने बताया कि हजरत की दरगाह शरीफ में लाखों की तादाद में जायरीन देश-दुनिया से आए हैं। सुबह को सज्जादानशीं इकबाल मियां चिश्ती, फरदीन मियां चिश्ती और आदिल मियां चिश्ती ने दुआ कराई।

सज्जादानशीं इकबाल मियां ने कहा कि ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह से कोई खाली हाथ नहीं जाता है। मांगने वाले की हर मुराद पूरी होती है गरीब नवाज के दरबार में हर खासो आम हाजिरी देता है। कहा कि सरकार की दरगाह में भारत से नहीं बल्कि दूसरे देशों के लोग भी हाजिरी के लिए पहुंचते हैं। इस मौके पर शाहिद अली खां जमाली, इकबाल मियां चिश्ती, फरदीन मियां चिश्ती और आदिल मियां चिश्ती समेत काफी तादाद में जायरीन मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : रामपुर : प्रदेश के पहले वीडियो रिकॉर्डिंग रूम का विधायक ने किया आरंभ, छात्रों के ठहराव-नामांकन में होगी वृद्धि
