हरदोई में पेटीएम से जबरन रिश्वत वसूलने वाला सिपाही निलंबित, SP ने लिया एक्शन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई, अमृत विचार। एसपी केशव चन्द्र गोस्वामी ने युवक से कोतवाली जबरन फोन-पे से 45 सौ रुपये की रिश्वत वसूलने वाले कांस्टेबिल को निलंबित कर दिया है। मामला कोतवाली बिलग्राम का है। इस तरह से रिश्वत वसूलने की शिकायत आने के बाद एक्शन में आए एसपी के इस कदम से महकमें में खलबली मची हुई है।

बताते चलें कि बिलग्राम कोतवाली के बरगावां निवासी राजीव कुमार शुक्ला पुत्र हरिशंकर शुक्ला सोमवार को अपनी मौसी के घर बेहटी खुर्द से वापस लौट रहा था। उसी बीच रास्ते में मिले कुछ लोग उससे गाली-गलौज करते हुए झगड़ने लगे। उसी बीच वहां तीन कांस्टेबिल पहुंच गए। राजीव कुमार शुक्ला का कहना है कि उसे कोतवाली लाया गया, जहां उसकी 10 हज़ार वाला मोबाइल जमा कर धारा 151 में चालान कर दिया गया। तहसील से निजी मुचलके पर छूट कर जब कोतवाली मोबाइल लेने पहुंचा,तो वहां मौजूद कांस्टेबिल ने उससे पांच हज़ार की रिश्वत मांगी। बकौल राजीव, उसने नगद रुपये न होने का हवाला दिया तो एक कांस्टेबिल ने उससे जबरन उसका सीक्रेट कोड नंबर पूछा और फोन-पे कर 45 सौ रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। 

राजीव कुमार शुक्ला की इस शिकायत पर एक्शन में आए एसपी गोस्वामी ने बिलग्राम कोतवाली में तैनात कांस्टेबिल हर्षित कुमार को निलंबित कर दिया है। एसपी के इस कदम से उसके हमराही कांस्टेबिल भी घबराए हुए हैं। एसपी के इस एक्शन के बाद उनके ऊपर भी एक्शन होना लाज़िम माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस महकमें में खलबली मची हुई है।

ये भी पढ़ें -सपा ने जारी की नई मीडिया पैनलिस्टों की लिस्ट, पूजा शुक्ला समेत इन नए चेहरों को मिली जगह, देखें सूची

संबंधित समाचार