मुरादाबाद: चौकी से समझौता करके निकले पीतल कारोबारी को मारी गोली
मुरादाबाद/मुगलपुरा/अमृत विचार। मुगलपुरा थाना क्षेत्र के चौकी से समझौता करने के बाद निकले पीतल कारोबारी को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली मारने वाला कोई और नहीं बल्कि वह लकड़ी व्यापारी था, जिससे चौकी पर समझौता हुआ था। फायर की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर आनन-फानन मे पुलिस के साथ परिजन …
मुरादाबाद/मुगलपुरा/अमृत विचार। मुगलपुरा थाना क्षेत्र के चौकी से समझौता करने के बाद निकले पीतल कारोबारी को गोली मारकर घायल कर दिया। गोली मारने वाला कोई और नहीं बल्कि वह लकड़ी व्यापारी था, जिससे चौकी पर समझौता हुआ था। फायर की आवाज सुनकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर आनन-फानन मे पुलिस के साथ परिजन भी पहुंच गए लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुका था। परिजनों ने घायल कारोबारी को कांठ रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है।
फायरिंग की घटना देर शाम मुगलपुरा थाना क्षेत्र में हुई। मोहल्ला लालबाग निवासी अनिल कुमार पीतल कारोबारी हैं। घर के पास ही उनका कारखाना है। अनिल के अनुसार उनका लालबाग में ही रहने वाले लकड़ी कारोबारी से प्रापर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। कई दफा दोनों पक्ष इस मामले में थाने जा चुके हैं। बताते हैं कि बुधवार की शाम चौकी पुलिस ने समझौते के लिए दोनों पक्षों को बुलाया था। अनिल अपने दामाद संजीव के साथ चौकी गए थे।
संजीव के अनुसार देर शाम दोनों पक्षों में समझौता हो गया और वह चौकी के बाहर आ गए। बाहर आते ही फिर लकड़ी कारोबारी भड़क गया और जान से मारने की धमकी दी। जैसे ही अनिल व उनके दामाद जाने लगे तभी आरोपी ने गोली मार दी। गोली लगने से वह गिर कर घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। फायर की आवाज सुनकर पुलिस कर्मी भी आ गए। आनन-फानन में अनिल को कांठ रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुगलपुरा थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार के अनुसार घायल की हालत खतरे से बाहर है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
