हल्द्वानी: कोहरे में हादसा, आमने-सामने भिड़ीं रोडवेज और सिडकुल की बस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। सुबह कोहरे के बीच चोरगलिया रोड पर भीषण हादसा हो गया। सवारियां लेकर जा रही रोडवेज की बस और कर्मी लेकर लौट रही सिडकुल की बस में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। भीषण हादसे में 13 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन में घायलों को 108 और निजी एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भेजा। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। 

पुलिस के मुताबिक हल्द्वानी डिपो की बस संख्या यूके 07 पीए 2830 बस अड्डे से आधा दर्जन सवारियां लेकर बनबसा की ओर निकली थी। सुबह हल्द्वानी में मौसम ठीक था, लेकिन गौलापुल पार करते ही मौसम बदलने लगा और चोरगलिया रोड पर कोहरा छा गया। रोडवेज की बस अभी दानीबंगर के पास पहुंची थी कि तभी सामने से आ रही सिडकुल की बस संख्या यूके 06 पीए 0830 से उसकी टक्कर हो गई।

रॉकेट कंपनी की यह बस कंपनी के कर्मचारियों को घर छोड़ने जा रही थी। दोनों बसों के बीच हुई आमने-सामने टक्कर में 13 लोग घायल हो गए और यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही चोरगलिया पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया। जहां से कुछ लोग उपचार के लिए निजी अस्पताल चले गए।

चोरगलिया थानाध्यक्ष भगवान सिंह मेहर ने बताया कि हादसे में सभी मामूली रूप से घायल हुए हैं और सभी सुरक्षित हैं। घायलों में अमन सिंह (34), नंदन सिंह (37), पंकज सिंह बोरा, घनश्याम सिंह (40), भगवत सिंह (34), प्रेम चंद्र (40), कृष्णा मुखर्जी (29), नरेश सिंह (25), महेश कंडवाल, हेमंत दुर्गापाल, महताब सिंह, लता कनवाल और महेश चंद्र हैं। अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। 

संबंधित समाचार