Farrukhabad: आठ माह के मासूम के साथ मां ने लगाई फांसी; दोनों की मौत... परिजन बेहाल...
फर्रुखाबाद में महिला ने आठ माह के बेटे के साथ फांसी लगा ली।
फर्रुखाबाद में महिला ने आठ माह के बेटे के साथ फांसी लगा ली है। घटना की खबर मिलते ही आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। कादरी गेट थाना क्षेत्र में रविवार की शाम महिला ने अपने पुत्र के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर मिलते ही आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थाना क्षेत्र के मोहल्ला श्याम नगर निवासी आकांक्षा( 22) पत्नी अखिलेश ने पहले अपने आठ माह के बेटे दिव्यांश को फांसी लगाई। इसके बाद वह खुद फांसी पर झूल गई जिससे दोनों की मौत हो गई।
मृतका की जेठानी सुनीता पत्नी पंकज ने बताया कि उसका देवर अखिलेश बेवर रोड पर चाट समोसा की दुकान लगाता है। आज वह अपनी दुकान पर चला गया। इसके बाद आकांक्षा ने कमरा बंद कर लिया। उसकी सास माया देवी कमरा खुलवाने गई तो कमरा नहीं खुला। इसके अखिलेश को फोन पर सूचना दी।
अखिलेश ने मौके पर आकर कमरे की कुंडी तोड़कर पत्नी और पुत्र को फांसी के फंदे से नीचे उतारा। घटना की सूचना मिलते ही कादरी गेट थाना अध्यक्ष विनोद शुक्ला और सीओ सिटी प्रदीप सिंह मौके पर पहुंच गए हैं। महिला द्वारा फांसी लगाए जाने का कारण नहीं पता चल सका है। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
सीओ सिटी प्रदीप सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। आकांक्षा का मायका कानपुर देहात में है। उसके घर पर सूचना भेज दी गई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
