पीलीभीत : अयोध्या मॉडल पर बनाई ऐसी भव्य राम मंदिर की झांकी, देखते ही श्रद्धा से झुक रहे भक्तों के सिर, 22 को भव्य आयोजन 

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। रामलीला मैदान रामोत्सव मनाने को तैयार है। अयोध्या मंदिर मॉडल की आकर्षक झांकी रामभक्तों का सिर श्रद्धा से झुका रही है। विशाल मैदान के बीच भव्य पंडाल लगाया गया है। जिसमें रामभक्त विराजेंगे। सोमवार को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का लाइव नजारा दिखाया जाएगा। नगरपालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता और विधायक बाबूराम पासवान की निगरानी में शनिवार को तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। जहां 26 जनवरी तक नियमित रूप से कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा।

अयोध्या में भगवान राम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जगह-जगह धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। इससे वातावरण पूरी तरह से धार्मिक हो गया है। नगर के रामलीला मेला मैदान में प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में राम महोत्सव का आयोजन होगा। नगरपालिका बोर्ड ने आयोजन की सहमति दी है। इसी तैयारी को शनिवार को अंतिम रूप दिया गया।

मैदान में अयोध्या मंदिर की तर्ज पर मंदिर की झांकी तैयार की गई है। मंदिर के पास भगवान श्रीराम की लगभग 10 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई गई है। परिसर में ही और रंग बिरंगी रंगोली तैयार की जा रही है। सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा के दिन सुबह 10 बजे से गणेश पूजन और यज्ञ के साथ राम महोत्सव का शुभारंभ होगा।

दोपहर 12 बजे से अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। शाम को दीप यज्ञ और आतिशबाजी प्रतियोगिता के साथ ही भगवान राम की महा आरती की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता के मुताबिक पांच हजार अतिथियों के बैठने का बंदोबस्त किया गया है। सात हजार राम भक्तों के लिए मिठाई पैक कराई है। इसके अलावा जरूरत के मुताबिक मिठाई और बैठने की व्यवस्था की जाएगी।

बता दें कि मैदान में करीब 11 हजार दिए जलाने की तैयारी चल रही है। मंगलवार की शाम बालाजी महाराज और खाटू श्याम संकीर्तन मंडल की ओर से दरबार सजाकर छप्पन भोग लगाया जाएगा। बुधवार दोपहर तीन बजे से शाम तक बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और नृत्य प्रतियोगिता कराई जाएगी। लखदातार सेवक परिवार ट्रस्ट पूरनपुर के द्वारा बुधवार की शाम श्याम बाबा का दरबार लगेगा। बृहस्पतिवार को राधा माधव संकीर्तन मंडल की ओर से भजन संध्या का कार्यक्रम होगा।

26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन स्कूली बच्चे कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। शाम को भगवान राम की महाआरती के बाद आयोजन का समापन किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि नगर पालिका की ओर से भव्य राम महोत्सव का आयोजन कराया जा रहा है। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: पीटीआर के इतिहास में पहली बार बाघिन पिजड़े में हुई कैद, पहले 14 बाघों को ट्रैंक्यूलाइज कर किया गया था रेस्क्यू

संबंधित समाचार