Kanpur: राम मंदिर पर पहली ड्यूटी के बाद फायर सर्विस का हिस्सा बनेगा नया फायर टेंडर, 22 अग्निशमन वाहनों से होगा आधुनिकीकरण...
अयोध्या में राम मंदिर पर फायर सर्विस की पहली ड्यूटी लगेगी।
फायर सर्विस के आधुनिकीकरण की दिशा में यूपी फायर सर्विस के डीजी ने एक नया फायर टेंडर जनपद के दमकल बेड़े में डाल दिया है। राम मंदिर में पहली ड्यूटी के बाद यह जनपद की फायर सर्विस का हिस्सा हो जाएगा।
कानपुर, अमृत विचार। फायर सर्विस के आधुनिकीकरण की दिशा में यूपी फायर सर्विस के डीजी ने एक नया फायर टेंडर जनपद के दमकल बेड़े में डाल दिया है। राम मंदिर में पहली ड्यूटी के बाद यह जनपद की फायर सर्विस का हिस्सा हो जाएगा। शहर में बढ़ते अग्निकांडों को गंभीरता से लेते हुए सीएफओ ने यूपी फायर सर्विस मुख्यालय से नए उपकरणों की दिशा में पत्राचार किया जा रहा था।
जिस पर डीजी फायर अविनाश चंद्रा ने विभाग को एक नया आधुनिकृत फायर टेंडर दिया गया है। सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि शहर के आकार और जनसंख्या को देखते हुए कम से कम दोगुने वाहनों की आवश्यकता है। जिसके संबंध में मुख्यालय को अवगत कराते हुए पत्राचार किया गया था। डीजी फायर ने दमकल के बेड़े में पांच हजार लीटर क्षमता के एक फायर टेंडर शामिल करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर इसे पहली बार अयोध्या धाम में तैनात किया जाएगा। जहां से सकुशल प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के संपन्न होने के बाद इसे फजलगंज मुख्यालय भेज दिया जाएगा। यहीं से विचार विमर्श कर संवेदनशीलता और जरूरत के आधार पर संबंधित फायर स्टेशन में तैनात कर दिया जाएगा।
शुभ कार्य और शुभ अंक से हो रही शुरुआत
दमकल के बेड़े में वर्तमान समय में कुल 22 अग्निशमन वाहन हैं। जिनमें 10 फायर टेंडर पांच हजार लीटर की क्षमता वाले हैं। नया फायर टेंडर इस क्षमता का 11 वां वाहन होगा जो की शुभ अंक है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा जैसे कार्यक्रम में पहली तैनाती भी दुर्लभ संयोग है। इसके मिलने से फायर दफ्तर में खुशी का माहौल है।
दस से अधिक फायर टेंडर की मांग की गई
सीएफओ के अनुसार पत्राचार कर शहर की जरूरत के हिसाब से दस अधिक फायर टेंडर्स की मांग की गई थी। लेकिन शुरुआत में केवल एक ही वाहन का अप्रूवल मिला है। जल्द ही और उपकरण आने का आश्वासन मिला है।
जल्द ही आएगा रोबोट
दमकल के बेड़े में जल्द ही रोबोट भी शामिल होगा। सीएफओ ने बताया कि रोबोट के बेड़े में शामिल होने के विषय में पत्राचार की जा चुका है। संभव है अप्रैल के अंत तक एक रोबोट जनपद के हिस्से में आ जाएगा।
