बरेली: 543 जोड़ों ने लिए सात फेरे, 94 ने कहा कबूल है
बरेली क्लब में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह हुआ
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दूसरे दिन रविवार को बरेली क्लब में 637 जोड़ों की शादी कराई गई। इसमें 543 जोड़ों ने सात फेरे लिए, जबकि 94 मुस्लिम जोड़ों का काजी ने निकाह कराया। मंत्री, सांसद, विधायक और अफसरों ने नवदंपतियों को उपहार के साथ आशीर्वाद दिया।
समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित समारोह में सुबह नौ बजे ही जोड़े पहुंचने शुरू गए थे। दोपहर 12 बजे कार्यक्रम की शुरुआत विधायक डाॅ. एमपी आर्य, डीएम रविंद्र कुमार और सीडीओ जग प्रवेश ने की। इस दौरान नजारा देखने लायक था। एक ओर जहां वैदिक मंत्रों के बीच हिंदू जोड़े सात फेरे ले रहे थे तो दूसरी ओर मुस्लिम जोड़े निकाह कबूल कर रहे थे।

इस मौके पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पात्रों को लाभ मिल रहा है। गरीब कन्याओं की शादी कराई जा रही है। डीएम रविंद्र कुमार ने कहा कि योजना के तहत बेटियों की शादी कराकर सरकार ने गरीब परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य किया है। इस मौके पर वन मंत्री डाॅ. अरुण कुमार, सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, पीडी डीआरडीए तेजवंत सिंह, डीसी मनरेगा हबीब अंसारी, डीपीओ मोनिका राणा, सहायक निदेशक मत्स्य विभा लोहनी, डीसी एनआरएलएम बलवंत सिंह आदि मौजूद रहे।
बहेड़ी से सबसे अधिक जोड़े आए
बहेड़ी ब्लॉक से सबसे अधिक 193, नगर निगम से एक, नगर पंचायत बिशारतगंज और देवरनियां से दो-दो,आलमपुर जाफराबाद से 79, मझगावां से 47, रामनगर से 42, रिछा से 56, शेरगढ़ से 68, भदपुरा से 69, नवाबगंज से 67, नगर पालिका आंवला से 10 और नवाबगंज से एक जोड़ा विवाह बंधन में बंधा।
ये भी पढ़ें- बरेली: दीप प्रज्ज्वलित कर राम भजन का हुआ शुभारंभ, भजनों से वातावरण हुआ राममय
