बरेली: ओपीडी में आने वाले मरीजों का आज से हो सकेगा सीटी स्कैन
300 बेड अस्पताल में यूनिट तैयार,अभी ट्रायल के तौर पर मरीजों की होगी जांच
बरेली, अमृत विचार। ये खबर सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए राहत भरी है। एक साल से सीटी स्कैन के लिए मरीज परेशान हो रहे हैं। अब गुरुवार से ओपीडी में आने वाले जिन मरीजों को डॉक्टर सीटी स्कैन कराने का परामर्श देंगे उनकी 300 बेड अस्पताल की सीटी स्कैन यूनिट में जांच हो सकेगी। अभी ट्रायल के रूप में जांच की जाएगी। शासन से अनुमति मिलने के बाद सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने आदेश जारी कर दिया है।
उद्घाटन के बाद मिलेगा 24 घंटे लाभ
जिला अस्पताल में मशीन कंडम होने के बाद शासन की ओर से नामित कंपनी ने 300 बेड अस्पताल में यूनिट स्थापित करने के बाद स्टाफ की तैनाती कर दी लेकिन करीब एक माह से विभागीय आदेश न होने के चलते मरीजों को सुविधा नहीं मिल पा रही थी। अब ओपीडी के मरीजों के लिए सुविधा आरंभ कर दी गई है। वहीं यूनिट के उद्घाटन के बाद सामान्य मरीजों को सुबह 8 से शाम 6 बजे तक और गंभीर मरीजों को 24 घंटे सुविधा का लाभ मिलेगा।
यूनिट नई है इसलिए उद्घाटन के बाद सभी मरीजों को सुविधा का लाभ दिया जाएगा। अभी ट्रायल के तौर पर ओपीडी के मरीजों की जांच कराई जाएगी- डॉ. विश्राम सिंह, सीएमओ।
ये भी पढे़ं- बरेली: ग्रामीणों को नजदीक ही मिलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं , बन रहे 24 उपकेंद्र
