लखनऊ: 75वें गणतंत्र दिवस पर कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने फहराया तिरंगा

मोदी सरकार की नीतियां संविधान को कर रही कमजोर - अजय राय

लखनऊ: 75वें गणतंत्र दिवस पर कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने फहराया तिरंगा

अमृत विचार, लखनऊ। देश के 75वें गणतंत्र दिवस पर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ स्थित उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में ध्वजारोहण किया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने झंडारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस मौके पर ध्वज रक्षक की भूमिका में सेवादल के मुख्य संगठक डॉ प्रमोद कुमार पाण्डेय रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘‘वंदे मातरम’’ से हुई।

इस मौके पर अजय राय ने कहा कि आज हमारा देश 75 वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर मैं सभी कांग्रेसजनों एवं प्रदेशवासियों को बधाई देता हूं और कामना करता हूं कि हमारा गणतंत्र शक्तिशाली बना रहे एवं निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रसरित हो। उन्होने कहा कि गणतंत्र की मूल भावना है कि ऐसे भारत की स्थापना जो भेदभाव, जाति, धर्म, लिंग आदि संकीर्ण मानसिकताओं से रहित हो और और किसी बिना भेदभाव के देश के हर नागरिक को समान अवसर प्राप्त हो। 

अजय राय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हमें गर्व है कि हमारा संविधान सबको बराबरी का स्थान देता है, लेकिन मोदी सरकार की नीतियां इसी समानता और न्याय को खत्म कर संविधान को कमजोर करना चाह रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज के विषम हालात को देखते हुए और पंच न्याय (युवा न्याय, भागीदारी न्याय, नारी न्याय, किसान न्याय, और श्रमिक न्याय) को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी 2024 से मणिपुर से शुरू हो चुकी है। अजय राय ने कहा कि आज के दिन हमें संकल्प लेना है कि कांग्रेस अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे , सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की मंशा के अनुरूप कांग्रेस को मजबूत करेंगे।

इस मौके पर प्रमुख रूप से राज्य सभा सांसद प्रमोद तिवारी, विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘‘मोना’’, प्रशासन प्रभारी दिनेश सिंह, कोषाध्यक्ष शिव पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह, शरद मिश्रा, संगठन महासचिव अनिल यादव, प्रदेश सचिव अतुल सिंह, पूर्व विधायक इन्दल रावत, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष वेद प्रकाश त्रिपाठी, प्रदेश प्रवक्ता डॉ0 हिलाल अहमद नकवी, प्रियंका गुप्ता, रफत फातिमा, सचिन रावत, डॉ0 सुधा मिश्रा, वीरेन्द्र मदान, द्विजेन्द्र राम त्रिपाठी, समेत सैंकड़ों कोंग्रेसी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:- लखनऊ: 75वें गणतंत्र दिवस पर भूपेंद्र चौधरी ने बीजेपी कार्यालय में फहराया तिरंगा, प्रदेशवासियों को दी बधाई