फ्रांस के राफेल विमान और मार्चिंग दस्ते ने गणतंत्र दिवस परेड में लिया भाग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। भारत के 75वें गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर आयोजित समारोह में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने मुख्य अतिथि के रूप में इसकी शोभा बढ़ाई और इस दौरान फ्रांसीसी वायु सेना के एक ‘फीनिक्स’ बहुद्देश्यीय टैंकर परिवहन विमान के साथ दो राफेल लड़ाकू विमानों ने परेड स्थल के ऊपर से उड़ान भरी।

फ्रांस के करीब 95 जवान जब कर्तव्य पथ पर मार्च कर रहे थे तभी राफेल विमानों ने गर्जना करते हुए आसमान में उड़ान भरी। फ्रांस के 30 सदस्यीय बैंड ने भी भव्य परेड में प्रस्तुति दी। फ्रांस के सशस्त्र बलों ने दूसरी बार भारत की गणतंत्र दिवस परेड में भाग लिया है।

इससे पहले 2016 में फ्रांस के सैनिक भारत के इस भव्य समारोह में भाग लेने वाली पहली विदेशी सैन्य टुकड़ी के तौर पर शामिल हुए थे। पिछले साल जुलाई में पेरिस में आयोजित बास्तील दिवस परेड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। उस परेड में भारतीय वायु सेना के राफेल लड़ाकू विमानों और सशस्त्र बलों के तीनों अंगों के मार्चिंग दस्ते ने भाग लिया था। फ्रांसीसी टुकड़ी जैसे ही कार्तव्य पथ पर आगे बढ़ी, दो राफेल विमान और एयरबस ए330 बहुद्देश्यीय टैंकर परिवहन (एमआरटीटी) विमानों ने त्रिकोण आकार में उड़ान भरी। फीनिक्स एमआरटीटी एक साथ दो लड़ाकू विमानों या एक टोही विमान में ईंधन भरने में सक्षम है। यह अपने साथ 110 टन तक ईंधन ले जा सकता है। फ्रांसीसी सैन्य टुकड़ी में छह भारतीय शामिल थे। इसका नेतृत्व कैप्टन नोएल लुईस ने किया। राष्ट्रपति मैक्रों ने लगभग 70,000 दर्शकों के सामने मार्च कर रहे फ्रांसीसी बैंड और सैन्य टुकड़ियों का एक वीडियो ‘एक्स’ पर पोस्ट किया और इसके साथ लिखा, "फ्रांस के लिए एक बड़ा सम्मान। धन्यवाद, भारत।’’ 

ये भी पढ़ें- सियासी हलचल के बीच बिहार में IAS अधिकारियों का तबादला, पटना समेत कई जिलों के DM बदले गए

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज