पीलीभीत: खेत में चारा लेने गई महिला पर बाघ का हमला, ग्रामीणों ने बचाया.. खेत से 500मीटर दूर है जंगल
पीलीभीत/न्यूरिया, अमृत विचार: टाइगर रिजर्व के जंगल से सटे इलाकों में बाघ वा अन्य वन्यजीव की दस्तक मुसीबत का सबब बनी हुई है।
अब न्यूरिया क्षेत्र में खेत पर चारा लेने गई महिला पर बाघ ने हमला कर दिया। शोर पर जमा हुए ग्रामीणों ने उसे बमुश्किल बचाया। महिला को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। निगरानी टीम को एक्टिव कर दिया है।
पिछले तीन माह से अधिक समय से पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल से सटे इलाकों के अलावा जंगल से दूर आबादी के नजदीक वन्यजीव दस्तक दे रहे है। अभी एक दिन पहले ही भालू ने माधोटांडा क्षेत्र में ग्रामीण की जान ले ली थी।
बाघ के हमले में भी नौ साल में करीब 45 से अधिक लोग जान गवां चुके है। दो बार रेस्क्यू की जा चुकी बाघिन तो शहर के नजदीक डेरा जमाए रही थी। अब न्यूरिया क्षेत्र में हमला सामने आया है।
गांव चौड़ा खेड़ा महोफ रेंज के जंगल के नजदीक है। गांव की रहने वाली 40 वर्षीय मीना देवी के पति हरदयाल की मौत हो चुकी है। वह तीन बच्चों संग रहती है। शुक्रवार दोपहर को वह जंगल से करीब 500 मीटर देर स्थित खेत पर जानवरों के लिए चारा लेने को गई थी। इस बीच जंगल के बाहर आए बाघ ने हमला कर दिया।
ग्रामीणों ने चीख पुकार सुनी तो आसपास के खेतों से निकलकर बाहर आए और फिर लाठी डंडे फटकार कर महिला को बचाया। उसे लहुलुहान हालत में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। हमले का शोर मचते ही गांव में दहशत बढ़ी रही।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: मेडिकल कॉलेज में स्टाफ और तीमारदार में मारपीट, चिकित्सक लहूलुहान
