डेविड वार्नर को अपना कप्तान बनाने के लिए बहुत आभारी हूं : आकिफ राजा
शारजाह। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तेज गेंदबाज आकिफ राजा ने डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 सीजन 2 के दौरान समर्थन के लिए कप्तान डेविड वार्नर की सराहना की। शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में गल्फ जाइंट्स के खिलाफ मुकाबले से पहले आकिफ ने जीएमआर स्पोर्ट्स के स्वामित्व वाली टीम के साथ अब तक की अपनी सभी मदद के लिए ऑस्ट्रेलिया पूर्व कप्तान को श्रेय दिया।
उन्होंने कहा, मैं इस सीज़न में डेविड वार्नर को अपना कप्तान बनाने के लिए बहुत आभारी हूँ। यह मुझ पर उनका विश्वास ही है जिसने मुझे आगे बढ़ने में मदद की है। उन्होंने मुझे काम करने के लिए एक निश्चित भूमिका दी है और मैंने उस पर ध्यान केंद्रित किया है। कप्तान के रूप में उनके साथ रहना एक बेजोड़ अनुभव है। अब कैपिटल्स के साथ अपने दूसरे सीज़न में खेलते हुए आकिफ़ टीम में शामिल हो गए हैं और भविष्य को लेकर आश्वस्त हैं।
उन्होंने कहा, मैं इस बार अधिक सहज महसूस कर रहा हूं क्योंकि यह दुबई कैपिटल्स के साथ आईएलटी 20 में मेरा दूसरा सीज़न है। यह टीम अब मेरे लिए एक परिवार की तरह है, जिसमें सभी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ-साथ यूएई के युवा खिलाड़ी भी मिलकर काम कर रहे हैं। हमने अब तक जो तीन मैच खेले हैं उनमें से दो में हमने जीत हासिल की है, इसलिए हमारी टीम का भविष्य उज्ज्वल लगता है।
आकिफ का मानना है कि इस लीग से राष्ट्रीय टीम को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और इसका प्रमाण उनकी अंडर 19 टीम के प्रदर्शन में निहित है जो 2023 में एशिया कप के फाइनल में पहुंची थी। 31 वर्षीय दाये हाथ के गेंदबाज ने कहा, एक अंतरराष्ट्रीय टीम के रूप में हमारा सुधार इस बात पर निर्भर करता है कि हम इस लीग में खिलाड़ियों के रूप में कैसा प्रदर्शन करते हैं।
ये भी पढ़ें : शोएब मलिक से अलग होने के बाद सानिया मिर्जा को पाकिस्तान में मिल रहा जोरदार समर्थन
