हरदोई : छापेमारी में भारी मात्रा में नशीला टिंचर बरामद, किया सील
हरदोई, अमृत विचार। आबकारी निरीक्षक व औषधि निरीक्षक ने संयुक्त छापेमारी कर दो मेडिकल स्टोर से 37 पेटी नशीले टिंचर की शीशियां बरामद की। थाना बघौली क्षेत्र अंतर्गत बघौली बाजार स्थित हरे कृष्ण मेडिकल स्टोर व अडंगापुर स्थित कृष्णा मेडिकल स्टोर पर छापा डालकर भारी मात्रा में नशीला टिंचर बरामद किया। औषधि निरीक्षक स्वागतिका घोष ने बताया कि 37 पेटी टिंचर को जब्त कर नमूना जांच के लिए भेज दिया गया। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धारा में कार्रवाई की जाएगी।

बताते चलें बघौली क्षेत्र में टिंचर का मिलना कोई नई बात नहीं है। इस क्षेत्र में दर्जनों बार छापेमारी कर भारी मात्रा में टिंचर बरामद किया जा चुका है ,लेकिन अभी भी यहां पर नशीले टिंचर की बिक्री पर रोक नहीं लग पा रही है। इस क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक मेडिकल स्टोर पर कई बार टिंचर बरामद किया जा चुका है लेकिन बिक्री पर अभी भी अंकुश नहीं लग पा रहा है।
ये भी पढ़ें -बांग्लादेश से लाकर यूपी में खपा रहे थे बड़े पैमाने पर जाली नोट, लोकसभा चुनाव से पहले यूपी ATS ने दो को दबोचा
