अयोध्या: कोविड चिकित्सालयों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
अयोध्या, अमृत विचार। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कोविड एल-1 अटैच अस्पताल/कोविड केयर सेंटर झुनझुनबाला व कोविड एल-2 चिकित्सालय/राजर्षि दशरथ स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय दर्शन नगर का औचक निरीक्षण किया । सीसीटीवी के माध्यम से चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों की साफ-सफाई व चिकित्सकों के भ्रमण के समय का अवलोकन किया। कोविड केयर सेंटर झुनझुनबाला के …
अयोध्या, अमृत विचार। जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने कोविड एल-1 अटैच अस्पताल/कोविड केयर सेंटर झुनझुनबाला व कोविड एल-2 चिकित्सालय/राजर्षि दशरथ स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय दर्शन नगर का औचक निरीक्षण किया । सीसीटीवी के माध्यम से चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों की साफ-सफाई व चिकित्सकों के भ्रमण के समय का अवलोकन किया। कोविड केयर सेंटर झुनझुनबाला के निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय के नोडल चिकित्सक डॉ एचएल सरोज अनुपस्थित पाए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि डॉ सरोज पिछले कई निरीक्षणों के दौरान अनुपस्थित पाए गए हैं जो इनके द्वारा अपनी जिम्मदारियों का निर्वहन न करने का घोतक है। जिलाधिकारी ने डॉ सरोज को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ-साथ उनकी इंक्रीमेंट रोकने की कार्रवाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय में बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने व साफ-सफाई सुनिश्चित करने हेतु तीन पालियों में ड्यूटी पर लगाए गए सभी चिकित्सक एवं अन्य स्टाफ को अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से फोन पर वार्ता कर उनके स्वास्थ्य तथा उन्हें प्राप्त हो रही चिकित्सीय सुविधाओं व भोजन की गुणवत्ता आदि की भी ली जानकारी। मरीजों द्वारा अवगत कराया गया कि समय-समय पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु च्यावनप्राश, गिलोय बटी, आर्सेनिक-30 आदि के साथ-साथ ससमय भोजन व नाश्ता प्राप्त हो रहा है। तदोपरांत जिलाधिकारी ने कोविड एल-2 चिकित्सालय/राजर्षि दशरथ स्वशाषी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय दर्शन नगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा नियंत्रण कक्ष में लगाए गए सीसीटीवी के माध्यम से चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई व चिकित्सकों के भ्रमण के समय आदि का निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने सभी मरीजों को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाली औषधियों यथा- च्यवनप्राश, गिलोय वटी, अर्सेनिक-30 आदि उपलब्ध कराने के साथ ही गुणवत्ता युक्त भोजन उपलब्ध कराने व वार्डों, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, मरीजों के साथ-साथ सभी चिकित्सा व सफाई स्टाफ को अनिवार्य रूप से संक्रमण से बचाव संबंधी दिशानिर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रथमेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ घनश्याम सिंह, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज प्रोफेसर विजय कुमार व सीएमएस मेडिकल कॉलेज भी उपस्थित रहे।
