अयोध्या: गावों में ठप पड़े विकास की ली सुधि, 11 ब्लाकों की पंचायतों में अवरुद्ध रहे कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

तीस को ड्यूटी से मुक्त होगें सचिव, सफाई कर्मियों की वापसी एक फरवरी से

अयोध्या, अमृत विचार। लगभग 35 दिनों से विभिन्न आयोजनों के चलते ठहरे विकास कार्यों को गति देने के लिए जिला प्रशासन की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह एक फरवरी तक लंबित कार्यों के बारे में रिपोर्ट दें।

बता दें कि जिले में विभिन्न बड़े आयोजनों के कारण सभी 11 ब्लाकों की 835 ग्राम पंचायतों में मनरेगा समेत नाली, खड़जा, सीसी रोड, पुलिया समेत प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योजना के कार्य ठप पड़ गए थे। जिसके कारण तीन करोड़ से अधिक की धनराशि अटकी पड़ी है। 

वहीं ग्राम पंचायत निधि के तहत वित्तीय वर्ष 2023-24 में विभिन्न मदों में आई धनराशि के लैप्स होने का भी खतरा बढ़ गया है। जिसे लेकर अब जिला पंचायत राज विभाग की ओर से खंड विकास अधिकारियों से लंबित कार्यों और डंप धनराशि का ब्यौरा मांगा गया है। इसके तहत सभी 11 ब्लाकों के बीडीओ को एक फरवरी तक रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। किस ब्लाक में कितनी पंचायतों में कार्य ठप है और कुल धनराशि का ब्यौरा देना है।

तीस को मुक्त होगें सचिव, और सफाई कर्मी एक फरवरी को

अयोध्या में चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर ड्यूटी पर लगाए गए सचिवों को आगामी तीस जनवरी को ड्यूटी से मुक्त कर गांवों में भेजा जाएगा। इसके अलावा ड्यूटी पर लगाए गए पंचायतों के 2200 से अधिक सफाई कर्मियों की वापसी आगामी एक फरवरी से शुरू होगी। जिसे लेकर पंचायत विभाग की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।

विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। अधिकतर पंचायतों में कार्य संचालन के लिए सचिवों को भी लगाया गया है.., दीपक कुमार, जिला समन्वयक, पंचायतीराज विभाग।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: LDA ने 20 से अधिक निर्माणाधीन मकानों को किया सील, दुकानों पर भी हुई कार्रवाई

 

संबंधित समाचार