Kanpur: सड़क के गड्ढे से युवक की मौत के मामले में जांच शुरू; डीएम से मांगा गया जवाब, बीते 16 दिसंबर को हुआ था हादसा...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में सड़क के गड्ढे से युवक की मौत के मामले में जांच शुरू हो गई है।

कानपुर में किदवई नगर शनिदेव मंदिर वाली सड़क के गड्ढे में गिरकर पिछले महीने युवक की हुई मौत के मामले में जांच शुरू हो गई है। यूपी मानव अधिकार आयोग ने डीएम को नोटिस भेजकर 12 फरवरी तक जवाब मांगा है।

कानपुर, अमृत विचार। किदवई नगर शनिदेव मंदिर वाली सड़क के गड्ढे में गिरकर पिछले महीने युवक की हुई मौत के मामले में जांच शुरू हो गई है। यूपी मानव अधिकार आयोग से शिकायत के बाद आयोग ने डीएम को नोटिस भेजकर 12 फरवरी तक जवाब मांगा है। अपर जिला मजिस्ट्रेट सूरज कुमार यादव ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर इस मामले में रिपोर्ट तलब की है।  

किदवई नगर थानाक्षेत्र में जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही और लचर कार्यप्रणाली के चलते सड़क के गड्डे ने स्कूटी सवार युवक की जान ले ली थी। हादसे में जिला इटावा पुरबिया टोला उत्तरी कोतवाली निवासी 37 वर्षीय केतन वर्मा की मौत हो गई थी। वह इटावा रेलवे स्टेशन पर कैंटीन चलाता था। परिजनों के अनुसार वह 16 दिसंबर को किदवई नगर निवासी रिश्तेदार के घर शादी में शामिल होने आया था। 

देर रात 12 बजे वह यशोदा नगर स्थित गेस्ट हाउस में विवाह समारोह में शामिल होने के बाद  रिश्तेदार की स्कूटी से उनके घर वापस लौट रहा था। किदवई नगर में शनिदेव मंदिर के पास स्थित केसा चौराहा के आगे उसकी स्कूटी बीच सड़क पर खुदे गड्ढे में फंस गई थी। स्कूटी से पकड़ छूटने के कारण वह करीब छह फिट ऊपर उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर गए थे। हेलमेट की बेल्ट खुली होने से वह सिर से उतर गया था। सिर पर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। 

आरटीआई कार्यकर्ता ने की शिकायत

गाजियाबाद के रहने वाले आरटीआई कार्यकर्ता राजहस बंसल ने यूपी मानव अधिकार आयोग के चेयपर्सन से मामले की शिकायत करके कार्यवाही की मांग की है। इस पर आयोग ने डीएम को पत्र लिखकर जवाब मांगा है। 

सीवर सफाई के लिए खोदी गई सड़क

किदवई नगर शनिदेव मंदिर वाली सड़क मुख्य सड़क पीडब्ल्यूडी विभाग की है। जिसे नगर निगम के कर्मचारियों से सीवर सफाई के लिए खोदा था। इसके बाद गड्ढा वैसे ही छोड़ दिया गया। इसी गड्ढे में गिरकर ही युवक केतन वर्मा की जान चली गई। इस मामले में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राकेश यादव ने बताया कि नगर निगम में बिना कोई सूचना के खोदाई की थी।

शहर में गड्ढों बने हुए मुसीबत

नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और जलनिगम की लापरवाही की वजह से शहर की सड़कों पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। इसमें राहगीर फंसकर चुटहिल होते हैं। सड़क निर्माण न होने की वजह से 80 फीट रोड अशोक नगर, साउथ में केशव नगर, कर्रही रोड, गोविंद नगर मुख्य सड़क, फजलगंज, जीटी रोड, गुमटी, मसवानपुर में कई जगह बड़े गड्ढे हैं। वहीं, जलकल की ओर से मैनहोल न ढकने की वजह से भी हादसे होते हैं।

यह भी पढ़ें- Kanpur: ‘एलियन’ जैसे सिर की बीमारी GSVSS पीजीआई में हुई दूर; अक्सर बच्चे होते शिकार, समय से इलाज न मिलने पर जा सकती है जान

संबंधित समाचार