Kanpur: भाजपा ने मिशन-80 के लिए ओडिशा पर फिर जताया भरोसा; राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा बने राज्य प्रभारी...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा ने लोकसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी है।

लोकसभा के लिए यूपी की चुनावी जंग में भाजपा नेतृत्व ने एक बार फिर ओडिशा के अनुभवी नेता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा पर भरोसा जताया है।

कानपुर, अमृत विचार। लोकसभा के लिए यूपी की चुनावी जंग में भाजपा नेतृत्व ने एक बार फिर ओडिशा के अनुभवी नेता राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पांडा पर भरोसा जताया है। गैर हिंदीभाषी बेल्ट के पांडा को यूपी का प्रभारी बनाकर मिशन-80 यानी यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटें जिताने की जिम्मेदारी दी गयी है। हालांकि पांडा यूपी की राजनीतिक हवा से बहुत ज्यादा वाकिफ नहीं हैं पर उनका सांगठनिक अनुभव काम आएगा। पांडा 15वी व 16वीं लोकसभा में केंद्रपाड़ा से सदस्य रहे हैं। 2000 से 2009 तक दो बार राज्यसभा सदस्य रहे। उनके पिता बंसीधर पांडा बीजू पटनायक के खास दोस्त थे। मां इंद्राणी पांडा राज्यसभा की सदस्य थीं।  

बीजू जनता दल (बीजेडी) के अध्यक्ष ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के भरोसेमंद पारिवारिक साथी बैजयंत पांडा की 2018 में नवीन से अनबन हो गयी थी, जिसके चलते उन्हे पटनायक ने निलंबित कर दिया था। नौ महीने बाद पांडा भाजपा में शामिल हो गए।  पांडा का कहना है कि वह नयी जिम्मेदारी  बखूबी निभाएंगे। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से करीबी के चलते वह भाजपा में शामिल हुए थे।   संगठन ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया और हाल ही में महिला मोर्चा का प्रभारी बना दिया। 

मीडिया टाइकून बैजयंत पांडा को सामंजस्य बैठाने में माहिर बताया जाता है। वह किसी भी तरह के असंतोष को ठंडा करने के कौशल के लिए जाने जाते हैं। भाजपा यूपी में 80 में 80 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है। अबकी बार 400 पार का नारा साकार करने में यूपी की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। ऐसे में पांडा को दी गयी जिम्मेदारी उनकी अग्नि परीक्षा भी है। संकेत हैं कि पार्टी शायद उनको लोकसभा चुनाव में न उतारे। 

वह चुनाव बाद राज्यसभा भेजे जा सकते हैं। हालांकि भाजपा ने उन्हें 2019 के चुनाव में केंद्रपाड़ा लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था, किंतु वह बीजेडी के अनुभव महंति से चुनाव हार गए थे। पांडा शीघ्र ही लखनऊ आकर प्रदेश  पदाधिकारियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों से मिलकर चुनावी संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। उनका कहना है कि पार्टी जो भी दायित्व देगी उसे पूरी लगन और मेहनत से निभाऊंगा। यह सौभाग्य है कि पार्टी ने इतने बड़े राज्य की जिम्मेदारी दी है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: सड़क के गड्ढे से युवक की मौत के मामले में जांच शुरू; डीएम से मांगा गया जवाब, बीते 16 दिसंबर को हुआ था हादसा...

 

संबंधित समाचार