Unnao News: पंच प्यारे जुलूस को डीएम ने दिखाई हरी झंडी, जुलूस में दिखाए गये करतब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में पंच प्यारे जुलूस को डीएम ने दिखाई हरी झंडी।

उन्नाव में पंच प्यारे जुलूस को डीएम अपूर्वा दुबे ने हरी झंडी दिखाई। गुरु श्रीगुरु गोविन्द सिंह महाराज के प्रकाश उत्सव पर भव्य जुलूस निकाला गया।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में रविवार को डीएम अपूर्वा दुबे ने पंच प्यारे पर माल्यार्पण कर हरी झंडी दिखाकर जुलूस को रवाना किया। भीषण सर्दी व गलन के कहर के बीच बच्चे, बूढ़े व युवा सभी में गजब का उत्साह दिखाई दिया। आतिशबाजी के साथ फूलों की वर्षा करते हुए जुलूस के कई इलाके से गुजरने पर लोग भक्ति पूर्ण माहौल में डूबे रहे। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पंच प्यारे का सम्मान कर आपसी भाईचारे की मिशाल पेश की।  

उन्नाव शहर के हाकिमटोला मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा ने दशम गुरु श्रीगुरु गोविन्द सिंह महाराज के प्रकाश उत्सव पर भव्य जुलूस निकाला गया। गुरुद्वारे में सुबह 9 बजे से ही अरदास शुरु हो गई थी। इसके बाद शबद कीर्तन सम्पन्न हुआ। गुरुद्वारे में दिन भर अटूट लंगर चलता रहा। गुरुद्वारे में बने निशान साहब के वस्त्र बदल कर पूजन हुआ।

जिसके बाद पंच प्यारों ने पूजा अर्चना कर निशान साहब को सलामी देकर भव्य जुलूस निकाला। डीएम अपूर्वा दुबे के गुरुद्वारा पहुंचने पर कमेटी पदाधिकारियों ने सरोपा पहना कर स्वागत किया। आतिशबाजी व फूलों की वर्षा के साथ जुलूस निकल कर बड़ा चौराहा पहुंचा। इस दौरान बैंडबाजों से मधुर संगीत बज रहा था।

गुरुनानक पब्लिक स्कूल के बच्चे रंगबिरंगी ड्रेस पहन जुलूस की खुबसूरती बढ़ा रहे थे। बच्चे स्लोगन लिखे तख्तियां अलग-अलग संदेश दे रहे थे। इनके पीछे गुरु के भक्त रास्ते को झाडू से साफ करते हुए और फूलों का छिड़काव कर रहे थे। फूल के ऊपर से गुरु का निशान साहब, सवारी व पंच प्यारे गुजर रहे थे।

पुरुषों की टोली भी कीर्तन में धन्य गुरु गोविन्द सिंह साहब, वाहु गुरु वाहु गुरु करते हुए जुलूस का नेतृत्व कर रहे थे। जुलूस गुरुद्वारे से उठकर बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा से सुंदर टाकीज होते हुए छिपियाना चौराहा, कसाई चौराहा से धवन रोड से स्टेशन रोड होते हुए आईबीपी के बाद गुरुद्वारे में समापन हुआ। इस दौरान गुरुद्वारा में अटूट लंगर भी चला रहा।

संबंधित समाचार