बरेली: गोवंशीय पशुओं को छुट्टा छोड़ने वालों पर होगी पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। गोवंशीय पशुओं को खुला छाेड़ने वालों पर जुर्माना डालने के अलावा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने निर्देश दिए कि शासन के आदेश पर नगर निगम शहर में निरंतर अभियान चलाकर निराश्रित गोवंशीय पशुओं को पकड़कर कान्हा उपवन में संरक्षित कर रहा है। तीन दिन में नगर निगम की छह टीमों ने 88 गोवंशीय पशु पकड़े हैं, जिसमें 41 नंदी शामिल हैं।
इसके बावजूद डेयरी संचालक और पशुपालक गोवंशीय पशुओं को खुला छोड़ रहे हैं। जिसकी वजह से यातायात बाधित होता है और अन्य अप्रिय घटनाओं की संभावना बनी रहती है।
नगर आयुक्त के मुताबिक गोवंशीय पशुओं को खुला छोड़ने पर नगर निगम पहली बार पशुपालक से डेढ़ हजार रुपये प्रति पशु के हिसाब से जुर्माना वसूलता है और दोबारा छोड़ने पर तीन हजार रुपये प्रति पशु जुर्माना और तीसरी बार पशु जब्त करने की कार्रवाई करता है। अब जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के दिए गए निर्देशों के तहत दोबारा गोवंशीय पशु खुला छोड़ने पर जुर्माना के साथ नगर निगम पशु क्रूरता अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढे़ं- बरेली: यात्रियों पर दोहरी मार, कोहरे में बसें निरस्त, टिकट के पैसे भी नहीं हो रहे वापस
