बाराबंकी: घर में सो रही महिला से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी के घरवालों ने पति को पीटा, केस दर्ज
फतेहपुर/बाराबंकी, अमृत विचार। झोपड़ीनुमा घर में बच्चों के साथ सो रही महिला के साथ एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्चों के रोने व चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो युवक फरार हो गया। इसकी शिकायत करने आरोपी के घर पति पहुंचा तो उसकी पिटाई कर दी। महिला की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास व मारपीट का केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
मामला फतेहपुर कोतवाली के आइमा मजरे मदनपुर गांव का है। यहां का निवासी एक महिला अपने बच्चों के साथ झोपड़ीनुमा मकान में रहती थी। उसका पति लखनऊ में रहकर मजदूरी करता है। रविवार को महिला अपने घर में बच्चों के साथ सो रहीे थी। इसी दौरान गांव का ही राम सिंह गौतम घर में घुसकर महिला के साथ अभद्रता कर उसे खींचकर बाग की ओर ले जा रहा था। इस दौरान बच्चे जगे तो रोने व चिल्लाने लगे।
शोर सुनकर आस-पास के लोग दौड़े तो अंधेरे का फायदा उठाकर युवक फरार हो गया। इसकी जानकारी पर लखनऊ से घर पहुंचे महिला के पति ने विपक्षी के घर पहुंचकर मामले की शिकायत की तो विपक्षी राम सिंह गौतम, संजो देवी, गुड्डू व उसकी पत्नी रेखा ने लाठी डंडों से पिटाई कर दी। प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर: कैबिनेट मंत्री ने दिया बूथ जीतो-चुनाव जीतो का मंत्र, नंद गोपाल नंदी का दावा- यूपी में जीतेंगे सभी 80 सीटें
