रामपुर: प्रेमी के साथ जाने को अड़ी दूसरे समुदाय की नवविवाहिता, विवाह करने की लगाई गुहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मिलक, अमृत विचार। नवविवाहिता ने कोतवाली में पहुंचकर प्रेमी के साथ जीवन व्यतीत करने की गुहार लगाई। पुलिस ने नवविवाहिता के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। 

क्षेत्र निवासी एक नाबालिग का नगर निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग हो गया था। प्रेम प्रसंग का मामला प्रकाश में आने के बाद परिजनों ने बालिग होने के बाद युवती का निकाह बरेली के बहेड़ी निवासी एक युवक के साथ कर दिया। नवविवाहिता अपने पति के साथ जीवन यापन करती रही। साथ ही अपने प्रेमी से भी बात करती रही। एक माह पूर्व नवविवाहिता का पति निजी रोजगार करने  के लिए बिहार चला गया। 

इस बीच नवविवाहिता की नजदीकियां प्रेमी के साथ बढ़ गईं। पति के घर लौटने के बाद युवती ने मायके जाने की जिद की तो पति ने अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ दिया। माता-पिता को धोखा देकर युवती पति को छोड़ प्रेमी के साथ फरार हो गई। पति सहित माता-पिता नवविवाहिता को खोजने में जुट गए। सोमवार को युवती कोतवाली पहुंची और प्रेमी के साथ रहने पर अड़ गई। माता-पिता और पति ने बहुत समझाया लेकिन युवती नहीं मानी। 

उसने प्रेमी के साथ जीवन यापन करने की पुलिस से गुहार लगाई। विवाह से पूर्व युवती का संपर्क नगर में संचालित एक बंगाली डॉक्टर के क्लिनिक पर काम करने वाले एक कंपाउंडर से हो गया था। बातों ही बातों में दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया था। 

युवती ने आरोप लगाया कि उसके पिता ने जबरदस्ती उसका निकाह कर दिया है । वह अब अपने प्रेमी के साथ जीवन यापन करना चाहती है तथा उसके साथ हिन्दू रीति रिवाजों के अनुसार विवाह करना चाहती है। खबर लिखे जाने तक युवक कोतवाली नहीं पहुंचा था। युवती प्रेमी की राह देख रही थी। वहीं युवती के माता-पिता और पति कोतवाली में पुलिस से इंसाफ की गुहार लगा कर घर वापस लौट गए। फिलहाल युवती पुलिस अभिरक्षा में है।

ये भी पढे़ं- रामपुर: हाईवे पर चलती बाइक बनी आग का गोला, मचा हड़कंप

 

 

संबंधित समाचार