संभल: कार ने बाइक सवार तीन छात्रों को रौंदा, एक की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चन्दौसी/बनियाठेर, अमृत विचार। संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र में मुरादाबाद हाइवे पर दाल मिल के पास स्कार्पियो कार ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार हाईस्कूल के तीन छात्रों में एक की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है। गंभीर घायल दोनों छात्रों को हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

जनपद बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव सिसरका निवासी चंद्रप्रकाश का 15 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव बनियाखेड़ा स्थित लोकेंद्र शर्मा इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र है। साथ ही उसके गांव के कुलदीप पुत्र सुंदर लाल व बृजेश पुत्र रामकिशोर भी उसी विद्यालय में हाईस्कूल में पढ़ते हैं। विद्यालय में प्री-बोर्ड की परीक्षाएं संचालित हैं। 

सोमवार की सुबह छात्र अरुण कुमार अपने दोनों दोस्तों के साथ बाइक पर सवार होकर परीक्षा देने विद्यालय के लिए  घर से निकला। बाइक सवार जब मुरादाबाद रोड स्थित दाल मिल के पास पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे अरुण कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार कुलदीप व बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। 

राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस व सरकारी एंबुलेंस को दी।  घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया।  हालत गंभीर होने पर दोनों छात्रों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर परिजन सीएचसी पहुंच गए। पिता चंद्रप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढे़ं- संभल: जनपद दौरे पर पहुंचे प्रदेश सरकार के मंत्री धर्मपाल सिंह, बोले- अब विपक्ष कर रहा राम के नाम पर राजनीति

 

 

संबंधित समाचार