बरेली: साथ में शराब पीकर दोस्त संग रिश्तेदार ने की थी रामबाबू की हत्या
बरेली/फतेहगंज पश्चिमी, अमृत विचार। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में 25 जनवरी को चिटौली गांव के रामबाबू की हत्या उसी के रिश्तेदार महेन्द्रपाल ने अपने दोस्त सत्यपाल के साथ मिलकर की थी। तीनों ने एक साथ मिलकर साथ में ही शराब पीए थे। शराब पीने के दौरान लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। उस समय रामबाबू के ही मोफलर से गला कसकर हत्या की थी।
हत्या का कारण रामबाबू के छोटे भाई संग ब्याही उसकी सगी भतीजी को छोड़ देने की खुन्नस और शराब के नशे में मारपीट से उपजे गुस्से को बताया जा रहा है। पुलिस ने मंगलवार को दोनों अभियुक्तों को धनेटा फाटक से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
26 जनवरी की सुबह चिटौली-फतेहगंज पश्चिमी रोड किनारे चिटौली के रामबाबू की लाश मिली थी। परिजनों ने मनकरी गांव के महेंद्रपाल और सत्यपाल के विरुद्ध हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। अभियुक्तों की निशानदेही पर रामबाबू का गला घोंटने के बाद पास की झाड़ियों में फेंका गया उसका मोफलर भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि दोनों आपस में दोस्त हैं। अभियुक्त महेंद्र पाल ने रामबाबू के छोटे भाई हरिशंकर की शादी आठ साल पहले थाना शाही के बगरऊ निवासी अपने दोस्त हेतराम मौर्य की सगी भतीजी से करवाई थी। तीन साल पहले सुमन को पति और ससुराल वालों ने घर से निकाल दिया था। तब से वह मायके में ही रह रही है। रामबाबू रिश्ता टूटने पर ससुरालियों से सुमन के नाम कराए गए 150 गज के प्लॉट की वापसी का दबाव बना रहे थे। जबकि लड़की के मायके वाले प्लॉट की कीमत मांग रहे थे। इसी खुन्नस में दोनों पक्षों में फोन पर कई बार विवाद हुआ।
पुलिस ने बताया कि 25 जनवरी की रात अभियुक्त महेंद्रपाल, सत्यपाल के साथ रामबाबू रहपुरा अंडरपास से आगे एक साथ शराब पीए। जिसके बाद रामबाबू शराब के नशे में गाली-गलौज कर मारपीट करने पर उतारू हो गया। गुस्से में दोनों ने रामबाबू को उसी के मोफलर से गला घोंटकर मार डाला।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।-मुकेश चन्द मिश्रा, एसपी देहात
ये भी पढे़ं- बरेली: जमीन के लालच ने दुर्वेश को बना दिया माता-पिता का हत्यारा
