पीलीभीत: बच्चों को गन प्वाइंट पर लिया, परिवार को बंधक बनाकर लाखों लूटे...तीन टीमें सुरागरसी में जुटीं
पूरनपुर/पीलीभीत, अमृत विचार। चार पहिया वाहन में सवार होकर आए पांच बदमाशों ने किराना व्यापारी के परिवार को बंधक बनाकर लाखों के नगदी जेवरात लूट लिए। बच्चों को गन प्वाइंट और चाकू की नोंक पर लेकर डराया धमकाया। जिससे परिवार काफी देर तक दहशत में रहा। सूचना मिलने पर देर रात ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी की। अब तीन टीमें खुलासे को सुरागरसी में जुट गई हैं।

घटना पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रम्पुरा तालुके महाराजपुर की है। किराना व्यापारी सुनील गुप्ता की मकान के निचले हिस्से में दुकान है। मंगलवार रात वह दुकान बन्द करके मकान में जा रहे थे। इस बीच पांचों बदमाश घर में घुसे और उन्हें असलाहे की नोक पर ले लिया। फिर पूरे परिवार को एक कमरे में बंधक बनाया। बच्चों पर चाकू और तमंचे तान दिए। परिवार सारी सहमी हालत ने था। बदमाशों ने नगदी जेवरात लूटा और शिकायत करने पर मारने की धमकी देकर भाग गए। परिवार में कड़ी देर तक दहशत रही। जिसके चलते चुप्पी साधे रहे। बाद में घटना का पता चला तो पुलिस विभाग में खलबली मच गई।

एसपी अतुल शर्मा समेत कई अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंचे और जानकारी की। भाजपा विधायक बाबूराम पासवान, चेयरमैन शैलेंद्र गुप्ता ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की। पुलिस को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। शिक़ायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- अचानक बदला आदेश..अब संजय कुमार होंगे पीलीभीत के नए डीएम
