रायबरेली : आठ साल से फरार चल रहे कैदी को दिल्ली पुलिस ने लुधियाना से किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

17 साल पहले पट्टीदार की गोली मारकर की थी हत्या, पैरोल पर रिहा होने के बाद पत्नी के साथ हो गया था फरार

रायबरेली, अमृत विचार। डेढ़ लाख के इनामिया सजायाफ्ता कैदी को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के मामले में पैरोल पर रिहा होने के बाद अभियुक्त आठ वर्ष पूर्व पत्नी समेत फरार हो गया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की सूचना पर पहुंची सलोन पुलिस ने तिहाड़ जेल से अभियुक्त की रिमांड लेकर बुधवार को उसे जेल भेज दिया है।

सलोन कोतवाली क्षेत्र के सूची चौकी अंतर्गत ग्राम पूरे बेलखरिया मजरे सूची निवासी दिनेश कुमार सिंह पुत्र सूर्य भान सिंह लगभग 17 वर्ष पहले 28 अगस्त 2006 को अपने पट्टीदार जगन्नाथ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसमें अदालत ने दिनेश कुमार सिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनायी थी। इसके बाद क़ैदी दिनेश कुमार सिंह ने हाईकोर्ट में अपनी पत्नी सीमा सिंह के तबियत खराब होने की अर्जी दी थी। जिस पर हाईकोर्ट ने 3 अगस्त 2016 के प्रथम सप्ताह में दो माह के पेरोल पर क़ैदी को पत्नी की देखरेख के लिये घर भेजने की अनुमति प्रदान कर तीन अक्टूबर को पुनः हाजिर होने का फरमान सुनाया था। लेकिन पैरोल समाप्त होने के तीन दिन पूर्व 30 सितम्बर को दिनेश कुमार अपनी पत्नी के साथ फरार हो गया था। 

वही कैदी दिनेश कुमार की तलाश और गिरफ्तारी के लिए न्यायालय ने पूर्व में वारंट भी जारी किया था। रायबरेली पुलिस की तरफ से उसके ऊपर डेढ़ लाख का इनाम घोषित किया गया था। सलोन कोतवाल श्याम कुमार पाल ने बताया कि 26 जनवरी 2024 को दिल्ली की स्पेशल सेल की पुलिस ने कैदी दिनेश कुमार सिंह को लुधियाना से गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया था। वहीं दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक अभिषेक अग्रवाल से सम्पर्क कर कैदी दिनेश कुमार सिंह की पूरी डिटेल मांगी थी। इसके बाद एसपी के निर्देश पर चौकी इंचार्ज सूची बृजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम बनाकर दिल्ली भेजा गया था। जिसके बाद सलोन पुलिस द्वारा तिहाड़ जेल से कैदी की रिमांड ली गई थी। वही बुधवार को क़ैदी दिनेश को रायबरेली बन्दीग्रह भेज दिया गया है।


कैदी के फरार होने पर जमानतदारों को भेजा गया था जेल
पट्टीदार की हत्या में आजीवन कारावास की सजा काट रहे अपराधी के पैरोल पर छूट कर आने के बाद फरार हो जाने पर पुलिस ने शासन की सख्ती के बाद दो जमानतदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की थी। पुलिस ने उसके जमानतदारों को  गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।दिनेश कुमार ने तमंचे से अपने पट्टीदार जगन्नाथ सिंह की हत्या कर दी थी। जिसमें अदालत ने दिनेश कुमार सिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनायी थी। कैदी दिनेश कुमार सिंह ने हाईकोर्ट में अपनी पत्नी के तबियत खराब होने की अर्जी दी थी और पत्नी के साथ फरार हुआ था। उक्त मामले में न्यायालय द्वारा तत्कालीन चौकी प्रभारी राजेश यादव को फटकार भी लगाई थी। वही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे शिकायती पत्र में मृतक के परिजन योगेंद्र सिंह ने आरोप लगाया था कि आरोपी को पुलिस नहीं पकड़ पाई है। जमानतदार उसकी दुकान में आकर जान से मारने की धमकी देते हैं। सूची पुलिस से शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं की गई। योगी सरकार की सख्ती के बाद बैकफुट पर खड़ी सूची पुलिस ने कैदी के घर पर छापेमारी व छानबीन करने के बाद 82, 83 की कुर्की की कार्रवाई भी की। अभियुक्त द्वारा अदालत में हाजिर न होने पर जमानतदार सन्तोष यादव पुत्र राम किशुन निवासी ग्राम रायपुर महेवा व सन्तराम पुत्र रामआसरे निवासी ग्राम पूरे पाण्डे मजरे सूची को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

ये भी पढ़ें -गोंडा में भाजपा सांसद कीर्तिवर्धन समेत 12 लोगों पर मुकदमा दर्ज, कब्जे व लूटपाट का आरोप

संबंधित समाचार