Kanpur Accident: सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत, एक के पैर कटे… तीनों बाइक से कानपुर लौट रहे थे
कानपुर में सड़क हादसे में दो की मौत।
कानपुर के सजेती थानाक्षेत्र के सरगांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी की टक्कर से दो दोस्तों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। तीनों दोस्त कानपुर के रहने वाले हैं।
कानपुर, अमृत विचार। हमीरपुर रोड पर सरगांव सहकारी समिति के पास बुधवार की शाम तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी की टक्कर से दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि एक के पैर कट गए। तीनों दोस्त कानपुर के रहने वाले हैं और एक ही बाइक से तीनों कानपुर लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायल युवक को कानपुर हैलट रेफर किया गया है।
कानपुर नगर के गंगापुर कॉलोनी गोपाल नगर निवासी सौरभ यादव पुत्र रणविजय यादव और इसी मोहल्ले के आलोक पाल पुत्र राजेंद्र पाल सहकारी साधन समिति अमौली सरगांव में कार्यरत हैं। दोनों कानपुर से एक साथ ही आते-जाते थे।
बताते हैं कि गंगापुर कॉलोनी का ही रहने वाला इनका दोस्त शंकर पांडेय बुधवार को सजेती क्षेत्र में आया था। शंकर पांडेय एमआर था। फोन पर बात होने के बाद शंकर भी सौरभ और आलोक के पास सहकारी समिति आ गया था। समिति बंद होने के बाद तीनों लोग एक ही बाइक से कानपुर के लिए निकले।
बताते हैं कि तीनों जैसे ही बाइक से हमीरपुर हाईवे पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार बोलेरो गाड़ी ने इन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद बोलेरो का ड्राइवर तेज रफ्तार से गाड़ी भगाकर निकल गया। इधर, तीनों दोस्त सड़क पर पड़े कराहते रहे। आसपास के लोगों ने हादसा देखा तो मौके पर पहुंचे।
हादसे में सौरभ यादव के पैर कट गए। हालत गंभीर देख तीनों लोगों को घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां एमआर शंकर पांडेय को मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक हादसे में ब्रेन हेमरेज होने से शंकर की मौत हुई है।
सीएचसी में सौरभ यादव और आलोक पाल की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। जहां आलोक की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि सौरभ की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक और घायलों के परिवार वालों को हादसे की जानकारी दी। सूचना पाकर तीनों के परिवार वाले अस्पताल पहुंच गए। एमआर शंकर पांडेय व आलोक पाल के परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
खंभे से टकराकर बाइक सवार युवक घायल
भीतरगांव रोड क्रॉसिंग के पास एक बाइक सवार युवक बिजली के पोल से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां इलाज चल रहा है। बम्होरी निवासी राज सिंह पुत्र रघुराज सिंह (24) बुधवार को बाइक से अपने गांव लौट रहा था, तभी बीटा गांव क्रॉसिंग के पास एक बिजली के पोल से टकरा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की सूचना पर पुलिस ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां इलाज चल रहा है।
