बहराइच: नशे में बस चला रहा था चालक, आरटीओ को देखा तो पेट्रोल पंप के खंभे से लड़ा दी बस, हुई सीज, लगा जुर्माना!
शहर में चले अभियान में 25 ई रिक्शा सीज, 25 पर जुर्माना
बहराइच, अमृत विचार। जिले में बुधवार को ट्रैफिक और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की ओर से जांच अभियान चलाया गया। शहर में 25 ई रिक्शा वाहनों को सीज करते हुए 25 का चालान हुआ। नानपारा में संचालित एक बस चालक ने बचने के लिए पेट्रोल पंप के खंभे से ही बस भिड़ा दिया। जांच में वह शराब के नशे में मिला। बस को सीज कर जुर्माना लगाया गया है।
जिले में बिना परमिट और कागजात के बसों का संचालन विभिन्न रूटों पर होता है। इसको लेकर जिलाधिकारी मोनिका रानी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ओपी सिंह और एआरटीओ को जांच के बाद कार्यवाई के निर्देश दिए हैं। डीएम के निर्देश पर बुधवार को आरटीओ ने नानपारा क्षेत्र में अभियान चलाया। जांच के दौरान मछली मंडी के पास से बस संख्या यूपी 31 एटी 0027 को रुकने का संकेत दिया गया तो चालक ने बस को तेजी से भगाया। इसके बाद वह मोड़ पर स्थित पेट्रोल पंप के खंभे से जा भिड़ा। टीम ने उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान वह शराब के नशे में मिला।
आरटीओ ने बताया कि चालक की पहचान हरदी थाना क्षेत्र के महसी निवासी पिंटू पुत्र श्याम लाल के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध कोतवाली में पत्र दिया गया। पुलिस ने केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि बस को सीज कर दिया गया है। साथ ही 36 हजार का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि शहर में ट्रैफिक पुलिस और विभाग की ओर से संयुक्त अभियान चलाया गया। जिसमें शहर के डिगिहा और अस्पताल चौराहा के निकट जांच अभियान चलाया गया। जिसमें 25 ई रिक्शा को सीज कर दिया गया है। जबकि 25 ई रिक्शा वाहनों का चालान काटा गया है।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: यूपी एटीएस ने बांग्लादेशियों को अवैध रूप से भारत में बसाने वाले गिरोह के एक अन्य सदस्य को किया गिरफ्तार
