Fatehpur: ज्ञानवापी और जुमे की नमाज को लेकर रहा अलर्ट; मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात...
ज्ञानवापी और जुमे की नमाज को लेकर शहर में अलर्ट रहा।
जनपद में ज्ञानवापी मामले और जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को पुलिस अलर्ट मोड में रही। मस्जिदों के बाहर जहां पुलिस बल को तैनात किया गया तो वहीं मिश्रित इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस फ्लैगमार्च किया गया।
फतेहपुर, अमृत विचार। जनपद में ज्ञानवापी मामले और जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को पुलिस अलर्ट मोड में रही। मस्जिदों के बाहर जहां पुलिस बल को तैनात किया गया तो वहीं मिश्रित इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस फ्लैगमार्च किया गया। जिम्मेदार खुद पूरे जिले का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे। दरअसल दो दिन पहले कोर्ट द्वारा वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद के तहखाने में पूजा की अनुमति दी गई है। इस कारण जुमे की नमाज को लेकर जनपद की पुलिस पूरी तरह से अलर्ट रही।
एसपी उदय शंकर सिंह के निर्देश पर जिले की सभी थानों की पुलिस अपने अपने इलाको में फ्लैग मार्च करती रही। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस और पीएसी को तैनात किया गया है। जिले की अलग-अलग मस्जिदों और नमाज स्थलों पर पुलिस प्रशासन पूरी तरीके से अलर्ट मोड पर रहा। बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को नमाज को लेकर मस्जिदों के बाहर तैनात किया गया।
एसपी ने कहा कि ज्ञानवापी फैसला आने के बाद पूरे प्रदेश में संवेदनशीलता बनी हुई है। इसी को लेकर जनपद के सभी थानों को अलर्ट किया गया था। सभी थाना प्रभारी संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल के साथ फ्लैगमार्च कर रहे हैं। इसके साथ ही मुस्लिम बाहुल्य इलाकों और मस्जिदों के बाहर पुलिस बल को तैनात किया गया है। रिजर्व में जो पीएसी है, उसे भी अलग-अलग जगहों पर तैनात किया गया है।
