गोंडा : दुष्कर्म मामले में सुलह कराने पर चौकी इंचार्ज लाइन हाजिर, एसपी के आदेश पर एफआईआर दर्ज-आरोपी गिरफ्तार
कटरा बाजार/ गोंडा, अमृत विचार। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय सुलह समझौता कराना पहाड़ापुर चौकी इंचार्ज को भारी पड़ गया। पीड़िता की शिकायत का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी के निर्देश पर कटरा पुलिस ने पीडिता की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। दुष्कर्म की यह वारदात तीन दिन पुरानी बताई जा रही है।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक किशोरी 30 जनवरी की शाम को खेत की तरफ गयी थी। आरोप है कि एक युवक ने किशोरी को पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता और उसके परिजन दूसरे दिन इसकी शिकायत लेकर पहाड़ापुर चौकी पहुंचे तो चौकी इंचार्ज धीतेंद्र सिंह ने इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के बजाय पीडिता और हलके परिजनों पर दबाव बनाकर सुलह समझौता करा दिया और आरोपी का शांति भंग में चालान कराकर मामले को रहा दफा कर दिया। चौकी इंचार्ज ने घटना की जानकारी भी थाने के प्रभारी निरीक्षक या अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को नहीं दी।
कार्रवाई न होने पर पीडिता और उसके परिवार के लोग बृहस्पतिवार को पुलिस अधीक्षक से मिले थे। एसपी ने घटना की पड़ताल करायी तो चौकी इंचार्ज की लापरवाही सामने आई। इस पर उन्होंने चौकी इंचार्ज धीतेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया और कटरा पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। कटरा बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया कि आरोपी राजू पुत्र रामविलास निवासी ग्राम रामगढ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें -गोंडा में बैंक कैशियर से हंसिया दिखाकर हुई लूट के 8.54 लाख रुपये बरामद, आरोपी फरार
