बरेली: आधार प्रमाणित नहीं तो एक लाख लाभार्थी मुफ्त सिलेंडर से वंचित, जिले में 3.96 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों मिलना है लाभ
बरेली, अमृत विचार : शासन ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को साल में दो बार मुफ्त सिलिंडर रिफिलिंग का आदेश दिया था। इसके लिए लाभार्थियों के बैंक खातों की केवाईसी (आधार प्रमाणन) जरूरी है लेकिन जिले के एक लाख से अधिक लाभार्थी आधार प्रमाणित नहीं होने से लाभ नहीं ले सकेंगे। वहीं शासन ने मुफ्त सिलिंडर रिफिलिंग की तिथि 15 फरवरी तक बढ़ा दी है।
पूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एक लाख से ज्यादा लोगों का आधार प्रमाणन नहीं हो सका है। गैस एजेंसियों ने रिपोर्ट दी है कि प्रमाणन इसलिए नहीं हो पाया है क्योंकि आधार में ओटीपी वेरिफिकेशन नहीं हो पाया है। कई लाभार्थियों के मोबाइल नंबर बदल गए हैं। इसके अलावा कई लोगों के पते बदल गए हैं। जिले में करीब 3.96 लाख उज्ज्वला लाभार्थियों को मुफ्त सिलिंडर रिफिलिंग का लाभ दिया जाना है।
जिलापूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि गैस एजेंसियों के साथ मिलकर अधिक से अधिक लोगों आधार प्रमाणन के प्रयास किए जा रहे हैं। जिनका प्रमाणन हो चुका है उनके खातों में तीन से सात दिन के अंदर धनराशि पहुंच रही है। जिलापूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने पत्र जारी किया कि जो लाभार्थी अपना प्रथम निशुल्क रिफिल 31 दिसंबर तक नहीं ले पाये हैं, वह 15 फरवरी तक करवा सकते हैं।
ये भी पढ़ें - बरेली: पत्नी से झगड़े के बाद राजमिस्त्री ने की आत्महत्या
