Banda: हरा पेड़ काटने से रोका तो वन विभाग टीम पर दबंगों ने किया हमला; भागकर जान बचाई... रिपोर्ट दर्ज...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वन विभाग की टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया।

वन विभाग टीम के साथ हरा पेड़ काटने से रोकने पहुंचे वन दरोगा पर दबंगों ने हमला बोल दिया। दबंगों ने वन दरोगा और उनकी टीम के साथ अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की।

बांदा,अमृत विचार। वन विभाग टीम के साथ हरा पेड़ काटने से रोकने पहुंचे वन दरोगा पर दबंगों ने हमला बोल दिया। दबंगों ने वन दरोगा और उनकी टीम के साथ अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की की। किसी तरह वह और उनकी टीम जान बचाकर मौके से भाग निकली। वन रक्षक ने दबंगों के विरुद्ध तिंदवारी थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।  

तिंदवारी थाना वन क्षेत्र के वन दरोगा राम प्रताप अपनी टीम के साथ जंगल संरक्षण के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग हरा नीम का पेड़ काट रहे हैं। खबर मिलने पर वन दरोगा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। मौके पर उन्होंने नीम के पेड़ की हरी डाल कटी पाई। वन दरोगा ने हरा पेड़ काटने पर बयान देने को कहा तो दबंग ने अपने साथियों के साथ हमला बोल दिया। 

अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। मामला बढ़ने पर वन दरोगा अपनी टीम के साथ मौके से जान बचाकर भागे। तिंदवारी थाना पहुंचकर पूरी घटना बताई। वन रक्षक रामराज यादव ने थाने में दी तहरीर में बताया है कि हरा पेड़ काटने से रोकने मुख्य आरोपी मुन्ना सिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर टीम पर हमला किया। बयान देने को कहा तो उसने वन दरोगा व टीम सदस्यों के साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी। 

उधर, तिंदवारी थानाध्यक्ष कौशल सिंह ने बताया कि वन रक्षक की तहरीर पर आरोपी मुन्ना सिंह और अज्ञात लोगों के विरुद्ध सरकारी काम में बाधा समेत सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। घटना की जांच पड़ताल जारी है।

यह भी पढ़ें- Banda: हिरन का अवैध शिकार करने पर एक गिरफ्तार; अंधेरे का फायदा उठाकर दो शिकारी फरार...

संबंधित समाचार