प्रतापगढ़: सपा जिला पंचायत सदस्य ने दुष्कर्म कर पत्नी के सहयोग से कराया गर्भपात, केस दर्ज, गिरफ्तार
पट्टी, प्रतापगढ़। बंधवा पट्टी निवासी जुबैद अहमद समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता है। वो पट्टी प्रथम से जिला पंचायत सदस्य भी है। एक युवती द्वारा इनके विरुद्ध दुष्कर्म करने की तहरीर के साथ पत्नी के सहयोग से चार माह का गर्भ गिराने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य व उसकी पत्नी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है और पृथ्वीगंज चौकी क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पट्टी क्षेत्र की निवासिनी एक युवती ने सपा जिला पंचायत सदस्य जुवैद अहमद और उनकी पत्नी निवासी बंधवा बाजार पर आरोप लगाया है कि सपा नेता ने उससे फेसबुक के माध्यम से दोस्ती कर उसका मोबाइल नंबर हासिल किया। बातचीत करने के दौरान अपनी शादी की बात छुपा युवती को शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाना शुरू कर दिया।
जिससे वह चार माह की गर्भवती हो गई। अपनी पत्नी सलमा बेगम को मित्र की पत्नी बताकर उसके सहयोग से उसके चार माह का गर्भपात बिना उसकी सहमति से कर दिया। आरोप है कि शादी की बात करने पर उसे तरह-तरह की धमकियां दी गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने सपा नेता व जिला पंचायत सदस्य जुवैद अहमद व उसकी पत्नी सलमा बेगम के विरुद्ध साजिश करने, अपहरण, दुष्कर्म, गर्भपात समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि युवती के तहरीर पर जिला पंचायत सदस्य जुबैद अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी पत्नी सलमा बेगम के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश की जा रही है। युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
फंदे पर लटकता मिला महिला का शव
मानिकपुर, प्रतापगढ़। सन्दिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव घर के अंदर फंदे पर झूलता मिला। घर के लोग सुबह ही खेतों में काम करने के लिए चले गए थे। वापस लौट कर देखा तो अवाक रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मानिकपुर के ऐठू खास निवासी संदीप निर्मल पुत्र श्यामलाल की शादी 2016 में रंजना देवी (28) पुत्री राम अवध निवासी किंधौली संग्रामगढ़ के साथ हुई थी। रंजना का शुक्रवार दिन में लगभग नौ बजे घर के अंदर पंखे पर संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर झूलती मिली। परिजन उसे उतारकर सीएचसी कुण्डा ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
चर्चा रही कि गुरुवार को पति-पत्नी के बीच में कुछ कहा सुनी हुई थी। जिसके कारण दोनों पक्षों को थाने पर बुलाकर समझौता भी कराया गया था। ग्रामीणों की माने तो संदीप पिछले कुछ माह से मानसिक रूप से परेशान रहा करता था। संदीप के पांच और तीन वर्ष के दो बेटे हैं। घटना की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एएसपी पश्चिमी संजय राय ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और कार्रवाई का भरोसा दिया। एसओ जयचंद भारती ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है,जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: यूपी में वाहनों की बिक्री भर रही है 'फर्राटा', बीते एक साल में सड़कों पर आ गए साढे़ चार करोड़ नए वाहन!
