बाराबंकी: मिली जमीन, बनेगी 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट, जिला चिकित्सालय का होगा विस्तार
सतीश श्रीवास्तव/ बाराबंकी, अमृत विचार। जिला चिकित्सालय जल्द ही 100 बेड से बढ़कर डेढ़ सौ बेड का हो जाएगा। अस्पताल परिसर में ही 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट बनाने की मंजूरी मिल गई है। परिसर में जमीन उपलब्ध न होने के कारण अस्पताल से सटे जिला सहकारी उपभोक्ता संघ की खाली पड़ी जमीन जिला चिकित्सालय को आवंटित कर दी गई है। हालांकि जमीन की उपलब्धता कम होने के कारण वार्ड को बहुमंजिली इमारत के रूप में तब्दील किया जाएगा।

रफी अहमद किदवई जिला चिकित्सालय सिर्फ 100 बेड का है। शहर में अन्य कोई बड़ा चिकित्सालय ना होने के कारण पूरे जिले के मरीज का भर इसी चिकित्सालय पर है। अस्पताल में ट्रामा सेंटर का भी निर्माण कराया गया लेकिन वार्ड की कमी दूर नहीं हुई। ओपीडी में भी भारी भीड़ उमड़ रही है। जिसे देखते हुए अब इसके विस्तार पर सरकार गंभीरता पूर्वक विचार कर रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवधेश यादव के मुताबिक चिकित्सालय में 100 और बेड बढ़ाने की योजना को मंजूरी मिली थी। जगह कम होने के कारण इसे अमल में नहीं लाया जा सका।
अब जबकि जिलाधिकारी ने जिला सहकारी उपभोक्ता संघ की जमीन आवंटित कर दी है तो इस पर 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट बनाया जाएगा। अस्पताल के अंदर से ही इसके लिए रास्ता खोला जाएगा। यह यूनिट अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। जिसमें क्रिटिकल मरीज भर्ती कर उनका इलाज किया जाएगा। यूनिट इमरजेंसी के रूप में भी कार्य करेगी।

जिला चिकित्सालय के विस्तार के लिए 50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण को स्वीकृति मिली है। जिसके लिए जिला उपभोक्ता सहकारी संघ की जमीन अस्पताल को आवंटित कर दी गई है। लोकसभा चुनाव की आशा आदर्श आचार संहिता लागू होने से पहले ही इसका शीला डांस कर काम शुरू कर दिया जाएगा। योजना पर लगभग 25 करोड रुपए खर्च होंगे.., सत्येंद्र कुमार जिलाधिकारी बाराबंकी।
