Unnao: अचलगंज नगर पंचायत में भ्रष्टाचार का आरोप लगा सभासदों ने काटा हंगामा, विधायक व डीएम को बुलाने पर डटे रहे, देखें- VIDEO

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में अचलगंज नगर पंचायत में भ्रष्टाचार का आरोप लगा सभासदों ने हंगामा काटा।

उन्नाव में अचलगंज नगर पंचायत में भ्रष्टाचार का आरोप लगा सभासदों ने हंगामा काटा। नाराज सभासद विधायक व डीएम को बुलाने पर डटे रहे। विकासकार्यो में उपेक्षा व चहेतों को काम देने का आरोप लगा।

उन्नाव, अमृत विचार। नगर पंचायत अचलगंज में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध आधा दर्जन सभासदों ने हल्ला बोल दिया। सभी ने नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष के विरुद्ध धरना दिया और जमकर नारेबाजी की। सभासदों ने अपने वार्डों के विकासकार्यो में उपेक्षा का आरोप अध्यक्ष पर लगाया है। वे क्षेत्रीय विधायक व डीएम को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए धरना स्थल पर डटे रहे। 

नगर पंचायत अचलगंज के सभासदों के दो गुट हैं। जिनमें कुछ चेयरमैन पक्ष के हैं तो कुछ उनके विरोधी हैं। विकासकार्यो में पक्षपात व उपेक्षा का आरोप लगाते हुए करीब आधा दर्जन सभासदों ने चेयरमैन के विरुद्ध नगर पंचायत कार्यालय परिसर में हल्ला बोल दिया। सभी एक बैनर लगाकर धरने पर बैठ गए।

जानकारी होने पर नगर पंचायत ईओ ने उन्हें मनाने का प्रयास किया लेकिन, सभी विधायक आशुतोष शुक्ल व डीएम को वहां बुलाने पर अड़े रहे। किसी के न पहुंचने पर सभासद अनुभव गुप्ता, राजू, विनोद, आजाद खान व गुड़िया धरना स्थल पर बैठे रहे।

उनका आरोप था कि एक साल होने को हैं लेकिन मात्र एक बैठक हुई है। कई वार्डो में विकास शून्य है। सदस्यों की जानकारी के बिना टेंडर प्रक्रिया की जा रही हैं। चेयरमैन लक्ष्मी वर्मा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कुछ सभासदों को उनके कार्यों से नाराजगी है। जबकि, वे सबको साथ लेकर चलने का प्रयास कर रही हैं।

वार्ड-15 के सभासद ने आरोप लगाया कि बीते आठ माह में सिर्फ एक बार बोर्ड बैठक हुई है। जो विकास कार्य के लिए वस्तुएं खरीदी जाती हैं। उसमें भी बंदरबांट होता है। चहेते सभासदों को काम दिया जा रहा है। तमाम भेदभाव हो रहे हैं। नगर पंचायत में यह खत्म होना चाहिए। सभी को एक समान समझा जाना चाहिए। मांग की कि समय-समय पर बोर्ड बैठक की जाए। जिससे वार्डों की समस्याओं का निस्तारण हो सके।

ये भी पढ़ें- Kanpur: पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर की सास का निधन; कल शहर आ सकते हैं लिटिल मास्टर...

संबंधित समाचार