अयोध्या: बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों का 'टोटा', जिला विद्यालय निरीक्षक ने परिषदीय शिक्षकों की मांगी सूची
461 माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत तदर्थ शिक्षक पहले ही खड़े कर चुके हैं हाथ, अनुदेशक भी नहीं ले रहे हैं रुचि
अयोध्या। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा में ड्यूटी के लिए जिले में 4359 शिक्षकों की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसके लिए बोर्ड को माध्यमिक में तैनात शिक्षकों द्वारा ड्यूटी और स्कूल में आंतरिक उड़ाका दल और चेकिंग के चलते शिक्षकों की कमी हो रही है। इसे देखते हुए परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की भी कक्ष निरीक्षक के लिए ड्यूटी लगाने की तैयारी है। इसे लेकर अब जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा बेसिक शिक्षा अधिकारी से परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों की सूची मांगी है।
22 फरवरी से हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा शुरु होगी। इसके लिए बोर्ड परीक्षा के लिए 116 परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जिले के राजकीय, वित्त पोषित और वित्त विहीन स्कूलों में करीब 5050 शिक्षक तैनात है। जिसमें कुछ शिक्षक सेवानिवृत्त होने वाले है, वहीं कुछ को सत्र लाभ मिला हुआ है। वहीं परिश्रमिक कम होने के चलते वित्त विहीन के शिक्षक कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी से कतराते है। इसके अलावा केन्द्र बने स्कूलों के शिक्षकों के स्कूल में चेकिंग और आंतारिक उड़ाका दल के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाया जाता है। इसके चलते शिक्षकों की कमी आ रही है।
शिक्षकों की कमी को देखते हुए बोर्ड प्रति वर्ष परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षक के लिए लगाता है। इसे देखते हुए डीआईओएस ने शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने के लिए बीएसए को पत्र लिखा है। बीएसए कार्यालय को ब्लाकवार शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराने पर डीआईओएस कार्यालय उनके बारे में सूचना बोर्ड को भेजेगा। बोर्ड को जिले में हाई स्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा को कराने के लिए चार हजार से अधिक शिक्षकों की कक्ष निरीक्षक के लिए आवश्यकता है। इसके लिए विभाग के अधिकारी लगे हुए है।
बोर्ड परीक्षा में कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की जाती है। शिक्षकों की कमी के कारण परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की ब्लाक वार सूची मांगी गई है।
- डाॅ राजेश कुमार आर्या, जिला विद्यालय निरीक्षक
यह भी पढ़ें: अंबेडकरनगर: चाइना बार्डर पर शहीद हो गया जिले का लाल, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल, लोग शोकाकुल, बंधाया ढांढस
